{"vars":{"id": "130921:5012"}}

कैंट स्टेशन के पास महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाले 2 युवक गिरफ्तार, 8 को चेतावनी
 

 

वाराणसी। महिलाओं से अश्लील इशारे और परेशान करने के आरोप में सिगरा थाना पुलिस की एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों युवक कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर नंबर 57 से 60 के बीच गुजरने वाली महिलाओं को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहे थे।

पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को इस संबंध में सूचना मिली थी। प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देश पर सादे कपड़ों में टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान सूचना सही पाए जाने पर पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश पाण्डेय (20), निवासी ग्राम राजवाणी, थाना चौबेपुर, वाराणसी और संदीप कुमार यादव (20), निवासी ग्राम सेमरी मगरही, थाना कछवा, मिर्जापुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सिगरा में मुकदमा अपराध संख्या 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में केस दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मौके से 8 अन्य युवकों को भी पकड़ा गया था। उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी देने के बाद सभी को सुपुर्दगी में दे दिया गया। मामले में पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।