{"vars":{"id": "130921:5012"}}

उद्योग बंधु बैठक : डीएम ने की सुनी निवेशकों की समस्याएं, अफसरों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

 

वाराणसी में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में निवेश प्रस्तावों की प्रगति, उद्यमियों की समस्याओं और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योगों को प्रोत्साहित करने और निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

197 एमओयू के जरिए ₹21,922 करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव

उपायुक्त उद्योग ने बताया कि जनपद में अब तक कुल 197 एमओयू के माध्यम से ₹21,922.12 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 96 परियोजनाएं पूरी तरह संचालित हो चुकी हैं, जिनके जरिए ₹5,241.54 करोड़ का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसके अलावा 27 परियोजनाओं पर तेजी से कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त 265 आवेदनों में से 137 को स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली की दक्षता को दर्शाता है।

अधिकारियों को दिए विशेष निर्देश

जिलाधिकारी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए), अग्निशमन विभाग, राजस्व विभाग और अन्य संबंधित विभागों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

औद्योगिक आस्थान चांदपुर में खड़े ट्रकों और लोडिंग संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए एआरटीओ को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं अवैध रूप से संचालित ठेले और खोमचे हटाने के लिए अपर नगर आयुक्त को निर्देशित किया गया।

उद्यमियों ने रखीं समस्याएं

बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने वाराणसी में निवेश के लिए बेहतर हो रहे वातावरण और प्रशासनिक सहयोग की सराहना की। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, सूखे पेड़ों को हटाने, जर्जर पोस्ट ऑफिस भवन को खाली कराने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से संबंधित मांगें भी उठाईं।

जिलाधिकारी ने इन सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी

बैठक में नए औद्योगिक क्षेत्रों के विकास पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इस दिशा में आवश्यक कार्यवाही तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने को कहा।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि उद्योग स्थापना से जुड़ी सरकारी योजनाओं, अनुदानों और सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक निवेशक वाराणसी में उद्योग स्थापित करने के लिए आगे आएं।

उन्होंने उद्यमियों और निवेशकों से अपील करते हुए कहा कि वाराणसी में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक सहयोग, त्वरित स्वीकृतियां और शासन की प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन हर स्तर पर निवेशकों के सहयोग के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीसीपी राजेश कुमार यादव, उपायुक्त उद्योग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।