{"vars":{"id": "130921:5012"}}

हर घर तिरंगा अभियान के तहत आर्य महिला में तिरंगा वितरण, युवाओं से घर-घर ध्वजारोहण की अपील
 

 

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को आर्य महिला, वाराणसी में तिरंगा वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों और Gen Z युवाओं को राष्ट्रीय ध्वज वितरित कर उन्हें अपने घरों पर तिरंगा फहराने और स्वतंत्रता दिवस को उत्साहपूर्वक मनाने का संकल्प दिलाया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा वाराणसी महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। विद्यार्थियों और युवाओं को तिरंगा वितरित करने का उद्देश्य उन्हें राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय पर्व से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। सभी नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करते हुए अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए और आसपास के लोगों को भी इस अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए।

13 अगस्त को निकलेगी तिरंगा यात्रा

प्रदीप अग्रहरी ने बताया कि 13 अगस्त को दोपहर 3 बजे काशी विद्यापीठ से तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जो संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय तक जाएगी। यात्रा में विभिन्न समाजों और वर्गों के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह तिरंगा यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उन्होंने वाराणसी के नागरिकों से तिरंगा यात्रा और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं और अधिक से अधिक परिवारों को अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।