वाराणसी में सपा नेताओं का अनोखा प्रदर्शन, खून से लिखा PM को पत्र, गाय को 'राष्ट्रमाता' घोषित करने की मांग
वाराणसी। समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गाय को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपा के युवा नेता जीशान अंसारी ने अपने खून से प्रधानमंत्री के नाम पत्र लिखकर सरकार से इस मांग को जल्द पूरा करने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि गाय के नाम पर राजनीति करने के बजाय उसके संरक्षण और सम्मान के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
सपा नेता जीशान अंसारी ने कहा कि जो लोग खुद को सनातन संस्कृति का संरक्षक बताते हैं, वे सत्ता में रहते हुए गायों की दुर्दशा, तस्करी और सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंश की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के समय गाय का मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन चुनाव समाप्त होते ही उसे भुला दिया जाता है।
उन्होंने कहा कि गाय करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और उसे राष्ट्रमाता का दर्जा मिलना चाहिए। उनके अनुसार अब समय आ गया है कि सरकार इस विषय पर गंभीर निर्णय ले।
इस मौके पर अधिवक्ता एवं सपा नेता अमरेंद्र पांडेय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को माता का दर्जा प्राप्त है और माता का स्थान सर्वोच्च होता है। उन्होंने कहा कि खून से ज्ञापन लिखना इस मांग के प्रति उनकी गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने केंद्र सरकार से संसद का विशेष सत्र बुलाकर गोवंश संरक्षण और गाय को राष्ट्रमाता का संवैधानिक दर्जा देने संबंधी कानून बनाने की मांग की।
वहीं, सपा नेता शुभम सेठ गोलू ने कहा कि यदि सरकार ने इस मांग पर गंभीरता से विचार नहीं किया, तो इसे लेकर देशव्यापी जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। सपा नेता शिवेंद्र राय ने भी जिला प्रशासन के माध्यम से प्रधानमंत्री कार्यालय को ज्ञापन भेजते हुए मांग की कि इस विषय पर शीघ्र निर्णय लिया जाए।