पांडेयपुर चौराहा पर अनोखा होलिका दहन: मुरारी चाय और खाई के पान थीम बनी आकर्षण का केंद्र
वाराणसी: धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक रंगों के लिए प्रसिद्ध वाराणसी में इस वर्ष पांडेयपुर चौराहा स्थित होलिका दहन स्थल विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। आयोजन समिति ने इस बार होलिका दहन की थीम ‘मुरारी चाय वाले और खाई के पान बनारस वाला’ रखी है, जो बनारसी लोकजीवन और स्वाद की झलक प्रस्तुत कर रही है।
बनारसी पान की जीवंत प्रतिकृति
समिति द्वारा स्थल पर पान की दुकान की आकर्षक प्रतिकृति तैयार की गई है। पारंपरिक अंदाज, रंग-बिरंगी सजावट और स्थानीय शैली में सजे इस स्थल ने राहगीरों और क्षेत्रवासियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। बनारसी चाय और पान की थीम ने होलिका दहन को सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया है।
दो महीने पहले शुरू हो जाती है तैयारी
आयोजन समिति के सदस्यों के अनुसार, हर वर्ष होलिका दहन की तैयारी लगभग दो महीने पहले से शुरू कर दी जाती है। विशेष बैठक में थीम का चयन किया जाता है और फिर उसे भव्य स्वरूप देने की योजना बनाई जाती है। इस वर्ष भी बनारसी परंपरा और स्थानीय पहचान को केंद्र में रखकर सजावट की गई है।