{"vars":{"id": "130921:5012"}}

सूर्य प्रताप हत्याकांड के खिलाफ UP कॉलेज में छात्रों का अनोखा विरोध, मुंडन कर जताया आक्रोश

वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज में छात्र की हत्या के विरोध में छात्रों ने मुंडन कर अनोखा प्रदर्शन किया। छात्र प्राचार्य पर कार्रवाई और मुख्य आरोपी को फांसी की मांग कर रहे हैं। भारी पुलिस बल तैनात है और धरना लगातार जारी है।

 

वाराणसी: उदय प्रताप कॉलेज में छात्र की हत्या के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन अब उग्र होता जा रहा है। बुधवार को छात्रों ने धरना स्थल पर मुंडन कराकर कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अनोखे तरीके से विरोध जताया। 

कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलेज परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। धरना स्थल पर दर्जनों पुलिसकर्मी तैनात हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। वहीं,  एसीपी नीतू कात्यायन भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया।

दिनदहाड़े हुई थी छात्र की हत्या

बता दें, 20 मार्च को कॉलेज परिसर में दिनदहाड़े छात्र सूर्य प्रताप सिंह की हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे परिसर में सनसनी फैला दी थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को घटना के दिन ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि दूसरे आरोपी अनुज ने बाद में कोर्ट में सरेंडर कर दिया।

कॉलेज प्रशासन पर उठे सवाल

छात्रों का आरोप है कि करीब 500 छात्रों के बीच हुई इस हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है, इसके बावजूद कॉलेज प्रशासन के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी को लेकर छात्र लगातार प्राचार्य की भूमिका पर सवाल उठा रहे हैं।

छात्रों की मांग: फांसी और प्राचार्य पर FIR

प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांग है कि, मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को फांसी की सजा दी जाए। इसके अलावा कॉलेज प्राचार्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उन्हें तत्काल हटाया जाए

मांग पूरी नहीं तो आंदोलन जारी

धरना दे रहे छात्रों ने साफ कहा है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। छात्रों का कहना है, अगर न्याय नहीं मिला तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।