{"vars":{"id": "130921:5012"}}

PM मोदी के जन्मदिन पर कंदवा में अनोखा विरोध, सीवर के पानी में दीप जलाकर सपा ने उठाई जलभराव की समस्या

 

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर वाराणसी के कंदवा वार्ड में स्थानीय लोगों ने अलग अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जमा सीवर के गंदे पानी के बीच दीप जलाकर नगर निगम और प्रशासन का ध्यान जलभराव की समस्या की ओर खींचा गया।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी, समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव ने किया। प्रदर्शन के दौरान सीवर के पानी के बीच दीप जलाए गए और तख्ती के जरिए भी व्यवस्था पर सवाल उठाए गए। तख्ती पर “दीप जलाएं, खुशियां मनाएं, क्योंटो में” जैसे संदेश लिखे गए थे।

अमन यादव ने कहा कि कंदवा वार्ड उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री और विधान परिषद सदस्य हंसराज विश्वकर्मा से जुड़ा क्षेत्र है। इसके बावजूद यहां के मुख्य मार्ग पर लंबे समय से सीवर का पानी जमा है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और गंदगी के कारण आसपास का माहौल भी प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि वाराणसी के कई इलाकों में जलभराव और सीवर की समस्या लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अमन यादव ने कहा कि एक तरफ प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर दीप जलाकर खुशियां मनाई जा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ शहर के कई हिस्सों में लोग सीवर के गंदे पानी के बीच रहने और आने-जाने को मजबूर हैं। प्रशासन को उत्सव के साथ-साथ लोगों की बुनियादी समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए।

विरोध कार्यक्रम में अश्वनी सिंह, अमन कुमार, सुजल कौशिक और धनेश राजभर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।