{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP College Admission 2026: 15 जून तक बढ़ी आवेदन की अंतिम तारीख, BSc Agriculture में सीटों से 6 गुना ज्यादा आवेदन

वाराणसी के UP कॉलेज में स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून तक बढ़ा दी गई है। बीएससी ऑनर्स कृषि सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला कोर्स बन गया है, जहां 165 सीटों पर 1005 आवेदन प्राप्त हुए हैं।

 

वाराणसी: उदय प्रताप (UP) कॉलेज में नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक, स्नातकोत्तर और व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया तेज हो गई है। बढ़ती छात्र संख्या और अभ्यर्थियों की मांग को देखते हुए कॉलेज प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि विलंब शुल्क के साथ 15 जून तक बढ़ा दी है। वहीं प्रवेश परीक्षा 1 जुलाई से 5 जुलाई 2026 तक आयोजित की जाएगी।

कॉलेज प्रशासन के अनुसार इस बार विभिन्न पाठ्यक्रमों में एडमिशन को लेकर छात्रों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। खासकर कृषि और विज्ञान विषयों में सबसे ज्यादा आवेदन प्राप्त हुए हैं।

अब तक 6309 रजिस्ट्रेशन, 4312 छात्रों ने जमा किया शुल्क

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश पोर्टल पर अब तक कुल 6309 पंजीकरण किए जा चुके हैं। इनमें से 4800 विद्यार्थियों ने आवेदन पत्र भरा है, जबकि 4312 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क जमा कर अपना फॉर्म अंतिम रूप से सबमिट कर दिया है।

उन्होंने बताया कि अभी भी बड़ी संख्या में छात्र आवेदन कर रहे हैं, इसलिए अंतिम तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है ताकि कोई भी अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रह जाए।

BSc Agriculture बना सबसे ज्यादा पसंदीदा कोर्स

इस बार सबसे ज्यादा प्रतिस्पर्धा बीएससी (ऑनर्स) कृषि पाठ्यक्रम में देखने को मिल रही है। कॉलेज में इस कोर्स की कुल 165 सीटें हैं, जबकि अब तक 1005 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। यानी एक सीट के लिए लगभग छह छात्रों के बीच मुकाबला होगा।

कॉलेज प्रशासन का कहना है कि कृषि क्षेत्र में बढ़ते करियर विकल्प और सरकारी नौकरियों की संभावनाओं के कारण छात्रों का रुझान तेजी से इस कोर्स की ओर बढ़ा है। स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में भी छात्रों की भारी रुचि देखने को मिली है।

  • एमएससी (कृषि) की 60 सीटों पर 255 आवेदन
  • एमएससी जंतु विज्ञान की 33 सीटों पर 222 आवेदन
  • एमएससी रसायन विज्ञान की 33 सीटों पर 112 आवेदन
  • एमएससी वनस्पति विज्ञान की 33 सीटों पर 110 आवेदन प्राप्त हुए हैं।


कॉलेज प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अलग-अलग कोर्स में आवेदन की स्थिति इस प्रकार है-

  • बीए : 532 आवेदन
  • बीकॉम : 504 आवेदन
  • बीएससी (बायोलॉजी ग्रुप) : 525 आवेदन
  • बीएससी (ऑनर्स) कृषि : 1005 आवेदन
  • एमकॉम : 127 आवेदन
  • एमएससी (कृषि) : 255 आवेदन
  • एमएससी जंतु विज्ञान : 222 आवेदन
  • एमएससी रसायन विज्ञान : 112 आवेदन
  • एमएससी वनस्पति विज्ञान : 110 आवेदन
  • अन्य डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रम : 156 आवेदन

1 जुलाई से शुरू होगी प्रवेश परीक्षा

कॉलेज प्रशासन के मुताबिक सभी प्रमुख पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा 1 जुलाई से 5 जुलाई के बीच आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद मेरिट और चयन सूची जारी की जाएगी।

प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रवेश से जुड़ी सभी जानकारी कॉलेज की आधिकारिक वेबसाइट और पोर्टल पर उपलब्ध कराई जा रही है।