{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP College Firing Update:: प्राचार्य के घर पर छात्रों का धावा, वाहन तोड़ा; पुलिस ने किया स्थिति नियंत्रित
 

 

वाराणसी। शहर के प्रतिष्ठित यूपी कॉलेज में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सामाजिक विज्ञान संकाय के बरामदे में बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस जघन्य वारदात का आरोप बीए द्वितीय सेमेस्टर के छात्र मंजीत चौहान पर है, जिसने अपने दो साथियों अनुज सिंह और करण चौहान के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे मंजीत अपने साथियों के साथ बरामदे में पहुंचा और अचानक सूर्य प्रताप पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में सूर्य प्रताप के सिर, सीने और कमर में तीन गोलियां लगीं। अचानक हुई फायरिंग से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौजूद छात्रों ने तुरंत घायल छात्र को प्राचार्य प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह की कार से सिंह मेडिकल कॉलेज ले जाया, जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी मंजीत चौहान मौके से भागकर सामाजिक विज्ञान संकाय की पहली मंजिल की ओर गया और पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गया। इस दौरान उसकी पिस्टल नीचे गिर गई, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। अन्य आरोपी भी अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले।

घटना के बाद कॉलेज परिसर में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार को बंद कर दिया और हंगामा करते हुए प्राचार्य के सरकारी आवास की ओर बढ़ गए। वहां तैनात गार्ड के साथ अभद्रता की गई और उसे वहां से भगा दिया गया। इसी दौरान स्टाफ सदस्य कृपा शंकर पर ईंट से हमला करने की कोशिश भी की गई, लेकिन उन्होंने दरवाजा बंद कर खुद को सुरक्षित कर लिया।

करीब 50 की संख्या में पहुंचे छात्रों ने गुस्से में प्राचार्य के निजी वाहन को गमलों और फावड़े से क्षतिग्रस्त कर दिया। इस दौरान प्राचार्य की मां ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति तब काबू में आई जब पुलिस मौके पर पहुंच गई और छात्रों को वहां से हटाया गया।

सूचना मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित किया। फिलहाल परिसर में सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

मृतक सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर जिले के सैदपुर क्षेत्र के दुबैथा गांव का निवासी था और कॉलेज के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले सूर्य और आरोपी मंजीत के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसे इस घटना की मुख्य वजह माना जा रहा है।

पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीमों का गठन किया गया है। वहीं, प्राचार्य के आवास पर हुए हमले और तोड़फोड़ के मामले में भी अन्य शामिल छात्रों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।