{"vars":{"id": "130921:5012"}}

UP कॉलेज हत्याकांड: हत्यारोपी मंजीत को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल, साथी की तलाश जारी

 

वाराणसी। यूपी कॉलेज में दिनदहाड़े छात्र की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मंजीत चौहान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। वहीं, घटना में शामिल उसका साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

क्लासरूम के बाहर मारी गई गोली, मौके पर हुई मौत

जानकारी के अनुसार, कला एवं सामाजिक विज्ञान संकाय की गैलरी में बीएससी फोर्थ सेमेस्टर के 23 वर्षीय छात्र सूर्य प्रताप सिंह की शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे क्लासरूम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने छात्र पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें सीने और सिर में गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान करीब सात राउंड फायरिंग की गई, जिससे पूरे कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि वारदात के बाद आरोपी मंजीत चौहान पिस्टल को वहीं फेंककर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

दूसरा आरोपी फरार

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या की वजह आपसी रंजिश सामने आ रही है। मृतक के दोस्त उत्कर्ष की तहरीर पर शिवपुर थाने में मंजीत चौहान और अनुज सिंह के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से तीन कारतूस बरामद किए हैं, जबकि पोस्टमार्टम के दौरान मृतक के शरीर से चार गोलियां निकाली गईं। पुलिस ने मुख्य आरोपी को छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में छह टीमें लगाई गई हैं।

घटना के बाद कैंपस में बवाल, छात्रों का हंगामा

इस सनसनीखेज वारदात के बाद कॉलेज परिसर में भारी हड़कंप मच गया। गुस्साए छात्रों ने प्राचार्य आवास पर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान प्राचार्य का वाहन क्षतिग्रस्त कर दिया गया और घर के फर्नीचर को भी नुकसान पहुंचाया गया।

छात्रों के हमले में केमिस्ट्री विभाग के लेक्चरर डॉ. अभिषेक सिंह सहित दो शिक्षक घायल हो गए। छात्रों ने चार अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की और शिक्षकों के साथ अभद्रता की।

स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज गेट बंद कर सड़क जाम करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

भारी पुलिस बल तैनात, सुरक्षा कड़ी

घटना के बाद कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कमिश्नरेट के तीन जोन की पुलिस और पीएसी को मौके पर तैनात किया गया है।

मृतक सूर्य प्रताप सिंह गाजीपुर जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र के दुबैथा गांव का रहने वाला था और बीएससी द्वितीय वर्ष का छात्र था। वह वायवा देने कॉलेज आया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।