{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में पुलिस भर्ती परीक्षा का आज पहला दिन, 46 सेंटरों पर 38,880 अभ्यर्थी देंगे एग्जाम

वाराणसी में 14 मार्च से शुरू हुई यूपी पुलिस दारोगा भर्ती परीक्षा के लिए 46 केंद्रों पर 38,880 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। दो दिनों में चार पालियों में कुल 77,760 उम्मीदवार शामिल होंगे। भारी भीड़ के चलते रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ाई गई है और शहर में कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है।

 

वाराणसी: उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (दारोगा) और समकक्ष पदों पर होने वाली सीधी भर्ती परीक्षा शनिवार 14 मार्च से शुरू हो रही है। वाराणसी जिले में इस परीक्षा के लिए 46 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां पहले दिन 38,880 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

सुबह की पहली पाली में परीक्षा होने के कारण बड़ी संख्या में अभ्यर्थी एक दिन पहले ही वाराणसी पहुंच गए। शुक्रवार रात को कैंट रेलवे स्टेशन पर हजारों की संख्या में परीक्षार्थियों ने रात गुजारी। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए जीआरपी और आरपीएफ के जवान स्टेशन पर अलर्ट मोड में नजर आए।

दो दिन में चार पालियों में होगी परीक्षा

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ बैठक कर परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि यह भर्ती परीक्षा दो दिन में चार पालियों में आयोजित की जाएगी।

•    कुल परीक्षार्थी: 77,760
•    प्रत्येक पाली में परीक्षार्थी: 19,440
•    परीक्षा अवधि: 120 मिनट

पहली पाली सुबह 10 बजे से 12 बजे तक आयोजित होगी, जबकि दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारी पूरे जिले में भ्रमण कर लगातार मॉनिटरिंग करेंगे।

बिहार, बंगाल और झारखंड से भी पहुंचे अभ्यर्थी

इस भर्ती परीक्षा के लिए बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड से भी बड़ी संख्या में युवाओं ने आवेदन किया है। आंकड़ों के अनुसार इन राज्यों से 61,242 अभ्यर्थियों ने फॉर्म भरा है। इनमें से बड़ी संख्या ट्रेन से वाराणसी पहुंच रही है, जिससे रेलवे स्टेशन पर दबाव बढ़ने की संभावना है।

इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं और अभ्यर्थियों की सहायता के लिए विशेष इंतजाम भी किए गए हैं।

परीक्षा के चलते शहर में ट्रैफिक डायवर्जन

दारोगा भर्ती परीक्षा के कारण शनिवार और रविवार को शहर में यातायात व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है।
•    सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक मालवाहक वाहन राजघाट पुल पर नहीं जा सकेंगे
•    टेंपो ट्रैवलर और अन्य सवारी वाहन तेलियाबाग से लहुराबीर और मैदागिन चौराहे की ओर नहीं जाने दिए जाएंगे
•    इन वाहनों को चौकाघाट-लकड़ी मंडी मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा
•    विशेश्वरगंज तिराहा से सुबह 11 बजे के बाद चार पहिया वाहन मैदागिन की ओर नहीं जा सकेंगे

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि परीक्षा के दौरान जारी ट्रैफिक व्यवस्था का पालन करें, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।