महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हंगामा! हॉस्टल से निकाले गए छात्रों ने किया कुलपति कार्यालय का घेराव
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में हॉस्टल से छात्रों को निकाले जाने के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में छात्रों ने कुलपति और विश्वविद्यालय प्रशासन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण और गहमागहमी का माहौल बना रहा।
छात्रों का आरोप है कि उन्हें बिना किसी पूर्व सूचना के हॉस्टल से बाहर निकाल दिया गया, जिसे वे मनमाना और अन्यायपूर्ण कदम बता रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने हॉस्टल में रहने के अपने अधिकार को लेकर नारेबाजी की और कार्रवाई को तत्काल वापस लेने की मांग की।
स्थिति बिगड़ने पर मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंचा और हालात को नियंत्रित करने की कोशिश की। सुरक्षा बलों की मौजूदगी में माहौल को शांत कराया गया।
वहीं कुलपति ने हॉस्टल खाली कराने की कार्रवाई को नियमों के तहत बताया। उन्होंने कहा कि हॉस्टल में केवल उन लोगों को हटाया जा रहा है जो अवैध रूप से रह रहे थे। कुलपति ने यह भी स्वीकार किया कि किसी भी कार्रवाई में पूरी तरह शत-प्रतिशत परफेक्शन संभव नहीं होता। उन्होंने आश्वासन दिया कि जिन छात्रों को परेशानी हुई है, उनकी जांच कर उचित समाधान निकाला जाएगा।