{"vars":{"id": "130921:5012"}}

काशी में UP का पहला नेचुरोपैथी और पंचकर्म केंद्र, 95% निर्माण पूरा, जनवरी में खोलने की तैयारी
 

 

वाराणसी। वाराणसी-गाजीपुर मार्ग पर चौबेपुर क्षेत्र में बन रहे उत्तर प्रदेश के पहले प्राकृतिक चिकित्सा और पंचकर्म केंद्र का निर्माण अंतिम चरण में है। परियोजना का करीब 95 फीसदी काम पूरा हो चुका है। केंद्र को जनवरी 2027 में शुरू करने की तैयारी है, हालांकि उद्घाटन की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है।

करीब 9.85 करोड़ रुपये की इस परियोजना का शिलान्यास 6 सितंबर 2024 को आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने किया था। निर्माण की जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) को दी गई है। एजेंसी ने बचे हुए काम के लिए 60.63 लाख रुपये की निविदा जारी की है। यूपी के ई-टेंडर पोर्टल के मुताबिक, बोलियां 18 नवंबर तक जमा की जा सकेंगी।

केंद्र में प्राकृतिक चिकित्सा और पंचकर्म की सुविधाओं के साथ योग हॉल, थेरेपी कक्ष और औषधीय पौधों का उद्यान भी प्रस्तावित है। पंचकर्म भवन में दो सुइट और एक स्विमिंग पूल बनाया गया है। निर्माण के दौरान परिसर में संचालित आयुर्वेदिक चिकित्सालय को अस्थायी रूप से चिरईगांव के नरपतपुर में स्थानांतरित किया गया है। काम पूरा होने पर चिकित्सालय को वापस इसी परिसर में लाने की योजना है।

आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने उम्मीद जताई कि केंद्र शुरू होने से काशी आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा और पंचकर्म की सुविधाएं एक ही परिसर में मिल सकेंगी।