{"vars":{"id": "130921:5012"}}

500 में सीखें रिसर्च में AI का इस्तेमाल, UP कॉलेज में PG-PhD छात्रों और प्रोफेसरों के लिए स्पेशल क्लास
 

 

वाराणसी। यूपी कॉलेज में पोस्ट ग्रेजुएट (PG), पीएचडी छात्रों और शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के जरिए पढ़ाई और शोध को बेहतर बनाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए कॉलेज में 14 से 18 अक्टूबर तक पांच दिवसीय ऑनलाइन फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम (FDP) आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रतिभागियों को 500 रुपये शुल्क जमा करना होगा।

इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में छात्रों और शिक्षकों को बताया जाएगा कि रिसर्च के अलग-अलग चरणों में AI टूल्स का सही और जिम्मेदार तरीके से इस्तेमाल कैसे किया जा सकता है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 12 अक्टूबर निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण पूरा करने वाले प्रतिभागियों को उपस्थिति और मूल्यांकन परीक्षा के आधार पर प्रमाणपत्र भी प्रदान किया जाएगा।

रिसर्च गैप से डेटा एनालिसिस तक मिलेगी ट्रेनिंग

पांच दिवसीय कार्यक्रम में AI की मदद से लिटरेचर रिव्यू करने, रिसर्च गैप की पहचान करने, डेटा कलेक्शन, डेटा एनालिसिस और डेटा विजुअलाइजेशन जैसे विषयों की जानकारी दी जाएगी।

इसके साथ ही जनरेटिव AI की मदद से अकादमिक लेखन, संदर्भों के सही इस्तेमाल, रिसर्च इंटीग्रिटी और प्लेगरिज्म यानी साहित्यिक चोरी से बचने के तरीकों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रतिभागियों को शोध के दौरान AI के जिम्मेदार और नैतिक उपयोग के बारे में भी बताया जाएगा।

हर दिन अलग विषय पर होगी क्लास

कार्यक्रम के पहले दिन रिसर्च में AI के उपयोग और AI की मदद से रिसर्च गैप खोजने की तकनीक सिखाई जाएगी। दूसरे दिन साहित्य सर्वे, लिटरेचर सिंथेसिस और रिसर्च डिजाइन में AI के इस्तेमाल पर प्रशिक्षण होगा।
तीसरे दिन रिसर्च इंस्ट्रूमेंट्स तैयार करने, डेटा कलेक्शन और विभिन्न स्रोतों से प्राप्त आंकड़ों के विश्लेषण, इंटरप्रिटेशन और विजुअलाइजेशन में AI की भूमिका बताई जाएगी।

चौथे दिन अकादमिक लेखन, आंकड़ों की रेफरेंसिंग और रिसर्च इंटीग्रिटी से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

अंतिम दिन AI से तैयार करेंगे रिसर्च प्रपोजल

18 अक्टूबर को कार्यक्रम के अंतिम दिन प्रतिभागियों को कंप्यूटर पर अलग-अलग AI टूल्स का स्वयं इस्तेमाल कर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस दौरान प्लेगरिज्म रोकने के तरीकों की जानकारी देने के साथ ही AI की मदद से रिसर्च प्रपोजल तैयार करना भी सिखाया जाएगा।

यह फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम यूपी कॉलेज के AIU-अकादमिक एवं प्रशासनिक विकास केंद्र (AADC) की ओर से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक AI तकनीकों से जोड़कर शोध कार्य को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है।