{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, परियोजनाओं का करेंगे निरीक्षण

 

वाराणसी। योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर रविवार को वाराणसी पहुंचे। मुख्यमंत्री शहर में चल रही निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण कर उनकी प्रगति की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचे, जहां से वे सर्किट हाउस के लिए रवाना हुए। सर्किट हाउस में उन्होंने भाजपा की क्षेत्रीय समन्वय समिति की बैठक में भाग लिया। इसके बाद नगर निगम द्वारा आयोजित पौधारोपण अभियान के प्रस्तुतिकरण को देखा और अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री शहर की विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। प्रशासन ने उनके आगमन को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं।

देर शाम मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही वे काल भैरव मंदिर (काशी कोतवाल) के दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। इसके बाद वे पुनः सर्किट हाउस लौटेंगे और वाराणसी में ही रात्रि विश्राम करेंगे।