{"vars":{"id": "130921:5012"}}

मोबाइल चलाने पर मां ने लगाई रोक, 18 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर दी जान

 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मोबाइल फोन चलाने को लेकर मां की डांट से नाराज 18 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार लल्लापुरा में किराए के मकान में रहने वाले हनुमान दास चौरसिया पान दरीबा क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। घटना के समय घर पर उनकी पत्नी सावित्री देवी और बच्चे मौजूद थे। चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर की बेटी पूजा (18) के मोबाइल फोन के अधिक इस्तेमाल और फोन पर बातचीत को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।

परिजनों ने बताया कि गुरुवार को भी इसी बात को लेकर मां और पूजा के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद पूजा अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसी दौरान घर लौटे पिता हनुमान दास ने भी दरवाजा खटखटाया। अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर एक छोटी बच्ची की मदद से दरवाजे की कुंडी खोली गई। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर परिवार के लोगों के होश उड़ गए। पूजा पंखे से फंदे के सहारे लटकी मिली। परिजन उसे तत्काल नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही सिगरा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। एसीपी चेतगंज शुभम सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।