{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी के 20 चौराहों पर लगेंगे सर्विलांस कैमरे, टोयोटा और स्मार्ट सिटी के बीच MoU, खर्च होंगे 3.07 करोड़

वाराणसी में यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए 20 संवेदनशील चौराहों पर सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। टोयोटा किर्लोस्कर मोटर सीएसआर के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। स्मार्ट सिटी के साथ एमओयू हुआ है। परियोजना फरवरी 2027 तक पूरी होगी, जबकि 300 वाहन चालकों को प्रशिक्षण मिलेगा।

 

वाराणसी: काशी में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा मजबूत करने के लिए शहर के 20 संवेदनशील चौराहों पर नए सर्विलांस कैमरे लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी। शुक्रवार को वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की मौजूदगी में एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।

20 संवेदनशील चौराहों पर लगाए जाएंगे कैमरे

स्मार्ट सिटी और यातायात पुलिस के सर्वेक्षण के मुताबिक, शहर की संकरी सड़कों और सालाना 7 से 9 करोड़ पर्यटकों के आगमन के कारण यातायात पर दबाव बना रहता है। वर्ष 2025 में शहर में करीब 3,000 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि रोजाना यातायात नियमों के उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं।

शहर में पहले 98 संवेदनशील स्थलों की पहचान की गई थी। इनमें से 21 चौराहों पर आईटीएमएस और एटीसीएस सिस्टम पहले ही लगाए जा चुके हैं। अब 20 अन्य संवेदनशील चौराहों पर निगरानी व्यवस्था स्थापित की जाएगी।

नए कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क के जरिए काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, जिससे शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी की जा सकेगी।

फरवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट

परियोजना के तहत कैमरों और अन्य उपकरणों की स्थापना तथा कमीशनिंग का काम नवंबर में शुरू किया जाएगा। दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन का कार्य होगा। इसके बाद फरवरी 2027 तक परियोजना का हैंडओवर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस पहल के जरिए यातायात नियमों के पालन में 30 प्रतिशत तक सुधार लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

300 वाहन चालकों को मिलेगा सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण

परियोजना के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही चालकों के लिए सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे। इस पहल से सालाना करीब 3,000 लोगों को लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

त्रिनेत्र भवन में 2700 कैमरों से हो रही निगरानी

एमओयू कार्यक्रम के दौरान नगर आयुक्त और टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन के कमांड सेंटर का भी निरीक्षण किया। स्मार्ट सिटी के प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने केंद्र की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्था की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि त्रिनेत्र भवन में कुल 2,700 कैमरे लगाए गए हैं। इनमें काशी कमांड सेंटर के तहत 108 एएनपीआर कैमरे और 2,169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी, महाप्रबंधक (वित्त) संदीप तिवारी, राहुल तिवारी, रोशन आर, सुखदीप ढींगरा, राजेंद्र और राहुल गोयनका समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।