{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: आधी रात चला बुलडोजर, 200 साल पुरानी मस्जिद ढहाई गई
 

 

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में मंगलवार देर रात प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशी रेलवे स्टेशन परिसर के पास स्थित करीब 200 वर्ष पुरानी बताई जाने वाली अजगैब शहीद मजार और उससे सटी मस्जिद को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया। रेलवे स्टेशन के विस्तार और मॉडल स्टेशन परियोजना के तहत यह कार्रवाई की गई। पूरे अभियान के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी के जवान तैनात रहे।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 12 बजे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। इससे पहले एसीपी शिवहरि मीणा ने अन्य अधिकारियों के साथ मौके का निरीक्षण किया। सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद और मजार के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई तथा आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। बुलडोजर कार्रवाई पूरी होने के बाद रात में ही मलबे को वाहनों में भरकर हटा दिया गया।

बताया जा रहा है कि यह मामला पिछले दो वर्षों से न्यायालय में विचाराधीन था। हाल ही में अदालत का फैसला रेलवे के पक्ष में आने के बाद संबंधित पक्ष को जमीन खाली करने के लिए नोटिस जारी किया गया था। रेलवे प्रशासन का दावा है कि नोटिस के बावजूद भूमि खाली नहीं की गई, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।

क्या है पूरा मामला?

भदऊ चुंगी के किला कोहना क्षेत्र में अजगैब शहीद मस्जिद और कब्रिस्तान स्थित था। मुस्लिम पक्ष का दावा है कि मस्जिद लगभग 200 साल पुरानी थी। मस्जिद के मुतवल्ली शमीम उस्ताद थे, जिनका करीब दो महीने पहले निधन हो चुका है।

वहीं प्रशासन का दावा है कि यह रेलवे की पुरानी जमीन है, जिस पर पहले अवैध रूप से मजार बनाई गई और बाद में मस्जिद तथा कब्रिस्तान का निर्माण हुआ। वर्ष 2024 में काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना शुरू होने के बाद भूमि का सर्वे कराया गया, जिसमें अतिक्रमण की पुष्टि हुई।

रेलवे प्रशासन ने संबंधित पक्ष को भूमि खाली करने के लिए नोटिस जारी किए थे। मामला न्यायालय तक पहुंचा, जहां फैसला रेलवे के पक्ष में आया। इसके बाद रेलवे की ओर से तीन बार नोटिस दिए गए, लेकिन भूमि खाली नहीं की गई। अंततः प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए संरचना को हटा दिया।

मॉडल रेलवे स्टेशन की प्रमुख विशेषताएं

काशी मॉडल रेलवे स्टेशन परियोजना पर लगभग 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह परियोजना करीब 47 एकड़ क्षेत्र में विकसित की जा रही है। स्टेशन को तीन मंजिला बनाया जाएगा और यहां रेल, बस तथा जल परिवहन की एकीकृत सुविधा उपलब्ध होगी।

परियोजना के तहत स्टेशन परिसर में फाइव स्टार होटल, सामान्य श्रेणी के होटल, अर्बन हाट और यात्रियों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही स्टेशन को राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से जोड़ने की योजना है, जिससे यात्रियों की आवाजाही और अधिक सुगम होगी।