{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: फर्जी पहचान से शादी, धर्म परिवर्तन का दबाव और दुष्कर्म का आरोप, 5 पर मुकदमा दर्ज
 

 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने धर्म और पहचान छिपाकर विवाह करने, कथित रूप से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने, दुष्कर्म, मारपीट और जान से मारने की धमकी समेत अन्य गंभीर आरोपों में पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पति ने अपनी वास्तविक पहचान और धर्म छिपाकर हिंदू नाम का इस्तेमाल किया तथा कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उससे विवाह किया। महिला का आरोप है कि विवाह के बाद सुनियोजित तरीके से उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।

महिला ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी शाहरुख और मकबूल ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।

महिला की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0350/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी सन्नी सिंह उर्फ सलमान खान, शाहरुख, मकबूल, कैसर खान और सायना खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/5 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना निरीक्षक अपराध विवेक कुमार शुक्ला कर रहे हैं। जांच के दौरान सभी आरोपों, उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि मामले में नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।