वाराणसी: पेय पदार्थ पीने के बाद 5 बच्चों की बिगड़ी तबीयत, 4 जिला अस्पताल रेफर
वाराणसी। नवशहरी गांव रुस्तमपुर की अनुसूचित बस्ती में एक दुकान से खरीदा गया पेय पदार्थ पीने के बाद दो परिवारों के पांच बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को उल्टी-दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर सोमवार को परिजन 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी नरपतपुर लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चार बच्चों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक बच्चे का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार रुस्तमपुर निवासी दिलीप के पुत्र अशोक (12), आनंद (9), बेटी जाह्नवी (8), अभय (6) और श्रवण की पुत्री जुली (8) ने शनिवार को गांव की ही एक दुकान से खरीदा गया ‘स्टिंग एनर्जी’ नामक पेय पदार्थ पीया था। सोमवार को बच्चों की तबीयत अधिक खराब होने लगी और उन्हें उल्टी-दस्त के साथ पेट दर्द की शिकायत हुई।
सुबह करीब 10 बजे परिजन बच्चों को 108 एम्बुलेंस से सीएचसी नरपतपुर लेकर पहुंचे। यहां दिलीप के चारों बच्चों का प्राथमिक उपचार किया गया। इसके बाद परिजनों के आग्रह पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजनाथ ने बताया कि बच्चों को डायरिया और उल्टी-दस्त की शिकायत थी। सीएचसी में उनका उपचार किया जा रहा था, लेकिन परिजन जिला अस्पताल में इलाज कराना चाहते थे, जिसके बाद उन्हें रेफर कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची बस्ती
घटना की सूचना मिलने के बाद पीएचसी प्रभारी चिरईगांव डॉ. मनोज कुमार वर्मा और वरिष्ठ स्वास्थ्य पर्यवेक्षक कमलसेन रुस्तमपुर पहुंचे। टीम ने प्रभावित बच्चों के परिजनों से जानकारी ली और बस्ती के लोगों को जागरूक किया।
परिजनों ने स्वास्थ्य टीम को बताया कि बच्चों ने गांव की ही एक दुकान से पेय पदार्थ खरीदा था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संबंधित पेय पदार्थ की उपयोग की अंतिम तिथि निकल चुकी होने की बात सामने आई है। हालांकि यह स्पष्ट होना बाकी है कि बच्चों की तबीयत बिगड़ने का प्रत्यक्ष कारण वही पेय पदार्थ था या नहीं।
एक्सपायरी डेट देखकर ही खरीदें पैकेट बंद सामान
पीएचसी प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वर्मा ने बस्ती के लोगों को बच्चों को ऐसे पेय पदार्थ देने से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी पैकेट बंद खाद्य या पेय उत्पाद को खरीदने और इस्तेमाल करने से पहले उसकी निर्माण तिथि और अंतिम उपभोग तिथि जरूर जांच लें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि उल्टी-दस्त या पेट दर्द जैसी समस्या होने पर घरेलू इलाज पर निर्भर रहने के बजाय तत्काल नजदीकी पीएचसी या सीएचसी पहुंचें और जरूरत पड़ने पर 108 एम्बुलेंस सेवा का उपयोग करें।