{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: नई सड़क स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल में भीषण आग, 5 यात्री झुलसे
 

 

वाराणसी: वाराणसी के नई सड़क इलाके में बीती रात होटल एचएम इंटरनेशनल में आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना उस समय हुई जब होटल में ठहरे कई यात्री गहरी नींद में थे। अचानक आग लगने से होटल में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे।

आग लगने की सूचना मिलते ही एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। चेतगंज से फायर सर्विस की टीम को बुलाया गया। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय लोगों की मदद से होटल में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

रात 1 बजे के बाद लगी आग

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 1 बजे के बाद नई सड़क पर फरहान होटल के पास स्थित होटल एचएम इंटरनेशनल की पहली मंजिल से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। आग तेजी से फैलने लगी और बालकनी से लपटें बाहर निकलती दिखाई दीं। अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

आग पर काबू पाने में मशक्कत

करीब 10 मिनट में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और फायर सर्विस को सूचना दी गई। तब तक आग पहली मंजिल के सामने वाले हिस्से में फैल चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने आग बुझाने का काम शुरू किया, लेकिन आग और भड़क गई और ऊपर की ओर फैलने लगी। इसके बाद टीम ने प्राथमिकता बदलते हुए अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालना शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

5 लोग झुलसे, अस्पताल में इलाज जारी

इस हादसे में 5 लोग झुलस गए हैं, जिनमें हरियाणा के रेवाड़ी निवासी प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी मंजीत, उनके दो बच्चे शिवाय (7 वर्ष) और शानवी (4 वर्ष) तथा मुंबई निवासी साहिल शामिल हैं। घायलों में से दो को मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया है, जबकि अन्य का इलाज बीएचयू ट्रामा सेंटर में चल रहा है।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फिलहाल फायर सर्विस की टीम मामले की जांच में जुटी हुई है।