वाराणसी: दीनापुर पेयजल योजना का 58% कार्य पूरा, छह क्षेत्रों के हजारों परिवारों को मिलेगा शुद्ध पानी
वाराणसी: शहर के विभिन्न इलाकों में स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में चल रही दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना तेजी से आगे बढ़ रही है। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने परियोजना स्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की विस्तृत समीक्षा की। योजना पूरी होने के बाद दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ और रामदत्तपुर क्षेत्र के हजारों परिवारों को शुद्ध पेयजल की सुविधा मिल सकेगी।
58 प्रतिशत कार्य पूरा, रफ्तार बढ़ाने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों ने बताया कि परियोजना का निर्माण कार्य मेसर्स विश्वा इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, आगरा द्वारा कराया जा रहा है। वर्तमान में योजना की कुल प्रगति लगभग 58 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है।
हालांकि मौके पर कार्य की गति अपेक्षा के अनुरूप न मिलने पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्माण एजेंसी को श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाकर परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कार्य में अनावश्यक देरी हुई या दिए गए निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित फर्म के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
25 नलकूप और 9 जलाशयों का निर्माण लगभग पूरा
अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत प्रगति रिपोर्ट के अनुसार परियोजना के तहत प्रस्तावित 25 नलकूपों और 9 उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य करीब 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है।
इसके अलावा अब तक 262 किलोमीटर लंबी मुख्य पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जबकि लगभग 2,500 घरों को सीधे पेयजल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। शेष कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की गई है।
छह क्षेत्रों के लोगों को मिलेगा बड़ा लाभ
दीनापुर जोन पेयजल योजना के पूरा होने के बाद दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ और रामदत्तपुर क्षेत्र के हजारों परिवारों को स्वच्छ और नियमित पेयजल उपलब्ध होगा। इससे वर्षों से चली आ रही जलापूर्ति संबंधी समस्याओं में काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार, राम अवतार, सहायक अभियंता पीयूष वर्मा, शांति भूषण वर्मा, अवर अभियंता आदित्य मौर्य, अरविंद पटेल और शशि कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखते हुए परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर समय से पूरा कराने के निर्देश दिए।