वाराणसी में 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप, 22 ग्रैंडमास्टर समेत 500 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा, विजेता को मिलेंगे 6 लाख
वाराणसी के बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल परिसर में 29 नवंबर से 63वीं राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप आयोजित होगी। नौ दिसंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में 500 से अधिक खिलाड़ी, 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर हिस्सा लेंगे। शीर्ष 10 खिलाड़ियों को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
वाराणसी: काशी में 29 नवंबर से देश के दिग्गज शतरंज खिलाड़ियों के बीच मुकाबला शुरू होगा। बाबतपुर स्थित सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल परिसर में नौ दिसंबर तक 63वीं सेठ एमआर जैपुरिया राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में देशभर के 500 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें 22 ग्रैंडमास्टर और 30 इंटरनेशनल मास्टर शामिल हैं। टूर्नामेंट में शीर्ष 10 खिलाड़ियों को कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। विजेता खिलाड़ी को छह लाख रुपये मिलेंगे।
33 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थागत इकाइयों के खिलाड़ी होंगे शामिल
प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। आयोजन का नेतृत्व जिलाधिकारी और वीडीए उपाध्यक्ष कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन और वाराणसी शतरंज संघ के सहयोग से ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में 33 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और संस्थागत इकाइयों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
मुकाबले अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (FIDE) के नियमों के तहत स्विस प्रणाली से 11 चक्रों में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर चयनित खिलाड़ियों को विश्व स्तरीय स्पर्धाओं में भारतीय दल का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थियों के लिए मास्टर क्लास और विशेष गतिविधियां
प्रतियोगिता के आयोजन को लेकर पत्रकार वार्ता में उत्तर प्रदेश चेस स्पोर्ट्स एसोसिएशन के सचिव एके रायजादा और आयोजन समिति के अध्यक्ष दीपक कुमार बजाज ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों के लिए मास्टर क्लास और विशेष गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
काशी की संस्कृति को दर्शाने वाला आयोजन का शुभंकर 'कौतिक' भी प्रतियोगिता के आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजन सचिव विजय कुमार और संयोजक तुषार सारस्वत हैं।
शीर्ष 10 खिलाड़ियों को मिलेंगे 30 लाख रुपये
राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में शीर्ष 10 खिलाड़ियों के लिए कुल 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता को छह लाख रुपये, उपविजेता को पांच लाख और तीसरे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ी को चार लाख रुपये दिए जाएंगे।
चौथे स्थान के खिलाड़ी को तीन लाख रुपये मिलेंगे। पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाले खिलाड़ियों को ढाई-ढाई लाख रुपये, सातवें और आठवें स्थान पर दो-दो लाख रुपये तथा नौवें और दसवें स्थान पर डेढ़-डेढ़ लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में 80 फिडे रेटेड खिलाड़ी भी हिस्सा लेंगे।