{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी : इंसानियत को शर्मसार करने वाली वारदात, पड़ोसी ने 1 महीने की मासूम को जमीन पर पटका, हालत गंभीर

 
वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र में शनिवार रात इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि शराब के नशे में धुत एक युवक ने घर के बाहर लेटी एक महीने की मासूम बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस दर्दनाक घटना में बच्ची के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामला सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा इलाके का है। पीड़ित परिवार के अनुसार, पड़ोसी विकास यादव शराब के नशे में अक्सर लोगों से विवाद और मारपीट करता है। शनिवार शाम भी वह नशे की हालत में गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर वह झगड़े पर उतारू हो गया।

परिजनों का आरोप है कि विवाद के दौरान विकास यादव ने घर के बाहर लेटी एक महीने की बच्ची को उठा लिया और उसे लेकर जाने लगा। बच्ची की मां ने जब शोर मचाया और उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने बच्ची को ऊपर उठाकर जमीन पर पटक दिया। बच्ची की चीख निकलने के बाद वह अचेत हो गई।

घटना के बाद परिवार के लोग घायल बच्ची को लेकर तत्काल अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

पीड़ित पिता राजेश वनवासी का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर जब वह सारनाथ थाने पहुंचे तो पुलिस ने उनकी बात सुनने के बजाय उन्हें डांटकर भगा दिया। इससे नाराज परिजन और स्थानीय लोग अशोका इंस्टीट्यूट तिराहे पर पहुंच गए और सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने वाहनों पर पथराव भी किया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।

ग्रामीणों ने आरोपी विकास यादव को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बढ़ते जनदबाव के बीच पुलिस ने विकास यादव समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं, इस घटना से पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त है। मासूम बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और परिवार उसकी सलामती की दुआ कर रहा है।