{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: लल्लापुरा में सिलेंडर विस्फोट से 2 मंजिला मकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख
 

 

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा इलाके में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दो मंजिला मकान में अचानक एलपीजी सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और घटना की सूचना तत्काल पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही सिगरा पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि मकान संकरी गली में स्थित होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। अग्निशमन कर्मियों को आग तक पहुंचने और उस पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि घटना के समय घर में कोई सदस्य मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब तीन घंटे तक लगातार अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। इस दौरान एहतियातन आसपास के मकानों को भी खाली करा दिया गया ताकि आग अन्य घरों तक न फैल सके। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस की मदद की।

परिजनों ने बताया कि आग लगने की इस घटना में घर का अधिकांश सामान नष्ट हो गया है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। वहीं पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में एलपीजी सिलेंडर विस्फोट को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।