{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: राह चलते युवक को पीटा, मोबाइल छीना और खाते से उड़ाए … 1 लाख, 3 शातिर लुटेरे गिरफ्तार

 

वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र में एक युवक को रोककर मारपीट करने, नगदी छीनने और उसके मोबाइल से जबरन 91 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराने वाले तीन शातिर बदमाशों को पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, 2510 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन, एडीसीपी वरुणा जोन के पर्यवेक्षण एवं एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में सारनाथ पुलिस ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को सोमवार तड़के करीब 2:50 बजे हृदयपुर अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनीश कुमार चौबे उर्फ विशाल चौबे (27) पुत्र राजेश चौबे निवासी ग्राम टिसौरा बभनपुरवा, थाना चोलापुर, वाराणसी, धीरज यादव उर्फ गोलू (24) पुत्र स्वर्गीय साहबलाल यादव निवासी ग्राम मवइया, थाना सिंधौरा, वाराणसी तथा अनिकेत यादव उर्फ गोलू (26) पुत्र स्वर्गीय तेज बहादुर यादव निवासी ग्राम मुरली, पोस्ट चोलापुर, थाना चोलापुर, वाराणसी के रूप में हुई है।

क्या था मामला

31 मई 2026 को पीड़ित ने सारनाथ थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सिंहपुर रिंग रोड पर तीन युवकों ने उसे रोक लिया, मारपीट की, गाली-गलौज की और उसके पास मौजूद नकदी छीन ली। इतना ही नहीं, आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल फोन से जबरन 91 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर भी करा लिए और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

ऑनलाइन गेमिंग अकाउंट में ट्रांसफर कराए रुपये

पूछताछ में आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि पुलिस की नजरों से बचने के लिए उन्होंने रकम सीधे अपने बैंक खाते में ट्रांसफर नहीं कराई थी। मुख्य आरोपी अनीश चौबे ने बताया कि उसने पैसे एक ऑनलाइन गेमिंग अकाउंट में ट्रांसफर कराए थे, जहां से बाद में रकम उसके व्यक्तिगत खाते में आने वाली थी। हालांकि उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, 2510 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।

पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। अनीश चौबे, धीरज यादव और अनिकेत यादव के खिलाफ पहले भी मारपीट, धमकी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। मुख्य आरोपी अनीश चौबे और अनिकेत यादव के खिलाफ लूट के मामलों में भी कार्रवाई हो चुकी है।