Varanasi: नोएडा में पढ़ रही युवती ने दर्ज कराया मुकदमा, वर्चुअल नंबर से एक साल से परेशान कर रहा युवक
वाराणसी। रोहनिया थाने में नोएडा में पढ़ाई कर रही एक युवती ने एक युवक के खिलाफ लगातार उत्पीड़न और साइबर उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया है। युवती का आरोप है कि रामेश्वर पांडेय नामक युवक पिछले एक वर्ष से वर्चुअल नंबरों के माध्यम से उसे, उसके माता-पिता और दोस्तों को फोन व आपत्तिजनक संदेश भेजकर परेशान कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात वर्ष 2023 में इंटरमीडिएट की पढ़ाई के दौरान रामेश्वर सिंह से हुई थी। दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, लेकिन कुछ समय बाद युवक उस पर शादी का दबाव बनाने लगा। युवती ने शादी से इनकार कर दिया और उससे बातचीत बंद कर दी।
युवती का आरोप है कि इसके बाद रामेश्वर उसे फोन कर धमकाने लगा और रातभर कॉल व मैसेज करके परेशान करता था। उसने कहा कि युवक अक्सर उसे धमकी देता था कि वह उसे रात में सोने नहीं देगा।
पीड़िता के मुताबिक जब उसने युवक के सभी नंबर ब्लॉक कर दिए और जुलाई 2025 में उससे पूरी तरह संबंध समाप्त कर लिए, तब भी उसकी हरकतें नहीं रुकीं। युवती नोएडा पढ़ाई के लिए चली गई, लेकिन वहां भी युवक वर्चुअल नंबरों के जरिए लगातार फोन और संदेश भेजकर शादी का दबाव बनाता रहा।
युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म लिंक्डइन पर विदेश के किसी व्यक्ति के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसे बदनाम करने की कोशिश की। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गई और अंततः पुलिस से शिकायत की।
रोहनिया थाना प्रभारी राजू सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर बीएनएस की धारा 78(1)(ii), 352 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आरोपी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
क्या होता है वर्चुअल नंबर?
वर्चुअल नंबर (Virtual Number) ऐसा टेलीफोन नंबर होता है जो किसी भौतिक सिम कार्ड या निश्चित स्थान से जुड़ा नहीं होता। यह इंटरनेट आधारित तकनीक (VoIP) के माध्यम से संचालित होता है। इसकी मदद से कंप्यूटर, लैपटॉप या मोबाइल जैसे किसी भी इंटरनेट कनेक्टेड डिवाइस से कॉल और संदेश भेजे तथा प्राप्त किए जा सकते हैं। इसी वजह से कई मामलों में ऐसे नंबरों की पहचान और ट्रैकिंग अपेक्षाकृत चुनौतीपूर्ण हो सकती है।