{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi: 7 माह पहले गर्भपात, बैग में मिली दवाइयां और फोन में फोटो-वीडियो, नर्सिंग छात्रा की मौत की गुत्थी में नए खुलासे
 

 

Varanasi के सारनाथ क्षेत्र स्थित एक निजी नर्सिंग कॉलेज में 19 वर्षीय GNM सेकेंड ईयर छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा की मौत अबॉर्शन पिल्स के सेवन से हुई गंभीर जटिलताओं के कारण हुई।

जानकारी के अनुसार छात्रा लगभग तीन महीने की गर्भवती थी और उस पर उसके बॉयफ्रेंड द्वारा दबाव बनाकर दवा खिलाने का आरोप है। आरोपी युवक भी उसी कॉलेज का थर्ड ईयर छात्र है।

यूट्यूब देखकर खरीदी गई थी दवा

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने यूट्यूब पर वीडियो देखकर अबॉर्शन पिल्स के बारे में जानकारी जुटाई और बिना डॉक्टर की सलाह के दवा खरीदी। दवा खाने के कुछ समय बाद छात्रा को तेज पेट दर्द, उल्टी और अत्यधिक ब्लीडिंग शुरू हो गई।

सीढ़ियों पर गिरकर हुई मौत

घटना के दौरान छात्रा ने हालत बिगड़ने पर अस्पताल जाने की बात कही और सीढ़ियों से नीचे उतरने लगी, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह चक्कर खाकर गिर गई। बाद में उसकी मौत हो गई। शव को हॉस्टल की सीढ़ियों पर खून से लथपथ अवस्था में पाया गया।

आरोपी ने कबूला जुर्म, जौनपुर से गिरफ्तारी

पुलिस ने कॉल डिटेल और लोकेशन ट्रेस कर आरोपी को उसके घर जौनपुर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि डर के कारण वह मौके से भाग गया था।

पहले भी हुआ था गर्भपात का दावा

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि छात्रा का करीब 7 महीने पहले भी गर्भपात कराया गया था। उसके बैग से कई दवाएं और मोबाइल से चैट व वीडियो बरामद किए गए हैं।

ACP का बयान

विद्युत सक्सेना ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की जांच जारी है।