वाराणसी में खराब मौसम को लेकर अलर्ट, प्रशासन ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
वाराणसी। आगामी दिनों में संभावित प्रतिकूल मौसम को देखते हुए वाराणसी जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से अपनी सुरक्षा के साथ-साथ परिवार और आसपास रहने वाले लोगों को भी जागरूक करने की सलाह दी है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी अपील में खास तौर पर जर्जर भवनों में रहने वाले परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने कहा है कि मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। बच्चों और बुजुर्गों को अकेले बाहर न भेजें और उनकी सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें।
प्रशासन ने नागरिकों से यह भी कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग या जिला प्रशासन को तत्काल सूचना दें। साथ ही, प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।
जिला प्रशासन के मुताबिक, समय रहते सावधानी बरतने और प्रशासन के साथ सहयोग करने से संभावित दुर्घटनाओं और जनहानि के जोखिम को कम किया जा सकता है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, वाराणसी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे खुद सतर्क रहें और दूसरों को भी सुरक्षित रहने के लिए प्रेरित करें।