{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: अधिवक्ता से 4.17 लाख की साइबर ठगी: फेसबुक दोस्ती से शुरू हुआ 'क्लब 21' का फ्रॉड
 

 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के एक अधिवक्ता सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के कारण बड़े साइबर फ्रॉड का शिकार हो गए। अधिवक्ता निमिष कौण्डिन्य ने बुधवार को शिवपुर थाने में आईटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कराया है।

पीड़ित अधिवक्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि फेसबुक पर उनकी मुलाकात सोहनी शर्मा नाम की एक महिला से हुई थी। चैटिंग के दौरान महिला ने खुद को बेंगलुरु की एक टेक्सटाइल कंपनी में फैशन डिजाइनर बताया और नियमित बातचीत से उनका विश्वास जीत लिया। 

कुछ दिनों बाद महिला ने उन्हें सिंगापुर बेस्ड ऑनलाइन प्लेटफॉर्म 'क्लब 21' पर प्रोडक्ट रेटिंग करने के बदले मोटा कमीशन कमाने का लालच दिया। भरोसा बढ़ाने के लिए ठग महिला ने व्हाट्सएप पर डेमो वीडियो और एक लिंक भी भेजा। 

उच्च मुनाफे के झांसे में आकर अधिवक्ता ने अलग-अलग UPI आईडी और बैंक खातों में कुल 4,17,348 रुपये जमा कर दिए। लेकिन निर्धारित समय पर न तो कोई कमीशन मिला और न ही जमा राशि वापस हुई। जब उन्होंने महिला से संपर्क किया तो उसने स्पष्ट रूप से पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और बाद में संपर्क भी तोड़ दिया।

थाना प्रभारी वीरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि साइबर फ्रॉड की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ठगों के बैंक खातों और UPI आईडी की डिटेल्स खंगाल रही है।