{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में एयर शो की तैयारी तेज, 20 लाख दर्शकों के अनुमान के बीच प्रशासन ने तय की पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था

वाराणसी एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में चार हजार मेहमानों और तीन दिनों में करीब 20 लाख दर्शकों के पहुंचने का अनुमान है। डोमरी-पड़ाव में पार्किंग, सुरक्षा, ट्रैफिक, पेयजल और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।

 

वाराणसी। अक्टूबर में प्रस्तावित वाराणसी एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 22, 23 और 25 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम में करीब चार हजार मेहमानों के पहुंचने का अनुमान है, जबकि तीन दिनों में करीब 20 लाख लोगों के एयर शो देखने की संभावना को देखते हुए पार्किंग, ट्रैफिक, सुरक्षा और दर्शकों की सुविधाओं का प्लान तैयार किया जा रहा है।

प्रशासन की योजना के मुताबिक, गंगा के उस पार डोमरी और पड़ाव क्षेत्र में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जाएगी। बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के कारण गंगा किनारे गंदगी और अव्यवस्था न हो, इसके लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल और दूसरी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है।

पुलिस कमिश्नर और डीएम ने किया निरीक्षण

शनिवार को पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने पैदल भ्रमण कर एयर शो की तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने बसंता महिला कॉलेज और रोडवेज बस डिपो के पास प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का निरीक्षण किया। इसके बाद वीआईपी आवागमन मार्ग, हेलीपैड और सुरक्षा-यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई।

संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पार्किंग की क्षमता, प्रवेश और निकास मार्ग, यातायात संचालन तथा पुलिस बल की तैनाती पर चर्चा हुई। पुलिस कमिश्नर ने वीआईपी और अतिविशिष्ट अतिथियों के लिए प्रस्तावित रूट की समीक्षा करते हुए वैकल्पिक मार्गों के साथ ट्रैफिक डायवर्जन प्लान पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।

एयर शो स्थल पर अधिकृत वाहनों के प्रवेश के लिए स्पष्ट और व्यवस्थित पास व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने हेलीपैड की सुरक्षा, आपातकालीन व्यवस्था और आसपास सुरक्षा घेरा बनाए रखने की तैयारियों की भी समीक्षा की।

प्रमुख मार्गों पर तैनात होगी अतिरिक्त पुलिस

कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए प्रमुख मार्गों, पार्किंग स्थलों और एयर शो स्थल के आसपास पर्याप्त पुलिस और यातायात पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रशासन का फोकस इस बात पर है कि बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के बावजूद यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और वीआईपी आवागमन भी सुचारु बना रहे।

निरीक्षण के दौरान डीसीपी सुरक्षा अनिल यादव, एडीसीपी वैभव बांगर, एसीपी विजय प्रताप सिंह और शुभम कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

इन अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी

पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा को एयर शो के आयोजन की ओवरऑल जिम्मेदारी सौंपी है। शिवहरि मीणा काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल के साथ मिलकर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

वहीं, एडीसीपी अंशुमान मिश्रा को एयर शो के दौरान यातायात व्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारियों का लक्ष्य कार्यक्रम के दौरान भीड़, पार्किंग और ट्रैफिक को व्यवस्थित रखते हुए एयर शो को सुरक्षित और सुचारु तरीके से संपन्न कराना है।