{"vars":{"id": "130921:5012"}}

Varanasi Air Show : गंगा के ऊपर गरजेंगे 100 से ज्यादा लड़ाकू विमान, अक्टूबर में हगा मेगा एयर शो, तैयारी में जुटा प्रशासन

 

वाराणसी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस के अवसर पर अक्टूबर में आसमान रोमांचक नजारों का गवाह बनने जा रहा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 22, 23 और 25 अक्टूबर को काशी में मेगा एयर शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान 100 से अधिक लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और एरोबेटिक टीमें गंगा के ऊपर से उड़ान भरते हुए हैरतअंगेज करतब दिखाएंगी। एयर शो को घाटों की सीढ़ियों और गंगा पार रेती से आसानी से देखा जा सकेगा। आयोजन में पूर्वांचल के साथ बिहार, मध्य प्रदेश, झारखंड और छत्तीसगढ़ से करीब 20 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल समेत कई राष्ट्रीय नेताओं के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

इतनी बड़ी भीड़ को संभालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए सड़क, पार्किंग, बिजली, पेयजल, बैरिकेडिंग, स्वास्थ्य सेवाओं, फायर ब्रिगेड, सीसीटीवी और ड्रोन निगरानी समेत तमाम व्यवस्थाओं पर काम शुरू कर दिया गया है। अनुमान है कि आयोजन से जुड़ी तैयारियों पर 50 करोड़ रुपये से अधिक खर्च हो सकते हैं। गंगा पार डोमरी में नई सड़कों के निर्माण के साथ पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

इसी सिलसिले में मध्य वायु कमान प्रयागराज के ग्रुप कैप्टन जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में शुक्रवार को सर्किट हाउस सभागार में स्थानीय अधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने एयर शो की तैयारियों में अधिक से अधिक विभागों को शामिल करने के निर्देश दिए। वायुसेना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को ड्रोन उड़ाने पर रोक के लिए फुलप्रूफ प्लान तैयार करने को कहा है। साथ ही देव दीपावली और महाकुंभ के दौरान काशी में भीड़ प्रबंधन के लिए किए गए इंतजामों को भी इस योजना में शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अलग से कार्ययोजना तैयार करने पर भी जोर दिया गया। शनिवार को जिलाधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने आयोजन से जुड़े संभावित स्थलों का निरीक्षण भी किया।

घाटों की सीढ़ियों से मिट्टी हटाना बड़ी चुनौती

एयर शो के लिए अब करीब एक महीने का ही समय बचा है, लेकिन गंगा का जलस्तर अभी भी 67 मीटर से ऊपर बना हुआ है। कई घाटों की सीढ़ियां अब भी पानी में डूबी हैं। जिन सीढ़ियों से पानी उतर चुका है, वहां करीब दो फीट तक मिट्टी और मलबा जमा है। लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा का जलस्तर भी धीरे-धीरे नीचे जा रहा है। ऐसे में महज 20 से 25 दिनों में घाटों की सफाई कराना नगर निगम के लिए बड़ी चुनौती है।

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक 24 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव आने और बारिश थमने की संभावना है। इसके बाद घाटों पर बड़े स्तर पर सफाई अभियान शुरू किया जा सकता है। प्रशासन ने नगर निगम को अगले 20 से 25 दिनों में घाटों की सफाई पूरी करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही कई जगह घाटों के धंसने और सीढ़ियों के टूटने की समस्या भी सामने आई है। लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए इनकी मरम्मत भी जरूरी होगी, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका न रहे।

100 से ज्यादा विमान दिखाएंगे आसमानी करतब

मेगा एयर शो में 100 से अधिक लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और एरोबेटिक टीमें हिस्सा लेंगी। विमानों के बाबतपुर एयरपोर्ट के अलावा प्रयागराज, लखनऊ, गोरखपुर और गाजीपुर से उड़ान भरने की योजना है। शो का समय प्रतिदिन दोपहर करीब 12 बजे से ढाई बजे तक प्रस्तावित है। काशी के 84 घाटों की सीढ़ियों और गंगा पार रेती से लोग इस रोमांचक नजारे का आनंद ले सकेंगे।

काशी में एयर शो आयोजित करने के पीछे एक बड़ा उद्देश्य युवाओं को भारतीय वायुसेना और सेना की ओर आकर्षित करना भी बताया जा रहा है। आसमान में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के हैरतअंगेज करतब के जरिए पूर्वांचल और बिहार समेत आसपास के राज्यों के युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जाएगा।