{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी एयरपोर्ट पर 70 लाख का विदेशी सोना जब्त, शारजाह से आए यात्री को DRI ने पकड़ा

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर डीआरआई ने शारजाह से आए यात्री के पास से 491.290 ग्राम विदेशी 24 कैरेट सोना जब्त किया। बरामद सोने की कीमत करीब 70 लाख रुपये बताई गई है। एक सप्ताह में यह डीआरआई की दूसरी बड़ी कार्रवाई है।

 

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शारजाह से आए एक यात्री के पास से करीब 70 लाख रुपये कीमत का विदेशी 24 कैरेट सोना बरामद किया है। सोना पेस्ट के रूप में छिपाकर लाया जा रहा था। डीआरआई ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट पर बिछाया गया जाल

डीआरआई को पहले से सूचना मिली थी कि शारजाह से आने वाली फ्लाइट में एक भारतीय यात्री बड़ी मात्रा में सोना लेकर वाराणसी पहुंचने वाला है। सूचना के आधार पर अधिकारी रविवार सुबह एयरपोर्ट पर तैनात रहे और विमान के उतरते ही यात्रियों की निगरानी शुरू कर दी।

सीट के नीचे पेस्ट के रूप में छिपाया गया था सोना

जांच के दौरान अधिकारियों ने विमान की एक सीट के नीचे पेस्ट के रूप में छिपाया गया 491.290 ग्राम विदेशी मूल का 24 कैरेट सोना बरामद किया। अधिकारियों के अनुसार बरामद सोने की बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपये है। जांच के बाद संबंधित सीट पर यात्रा कर रहे गुजरात के कच्छ-भुज निवासी विराल प्रेमजी चौहान को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत हिरासत में लिया गया।

एक करोड़ से कम कीमत होने के कारण कोर्ट में पेश नहीं किया गया

डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि बरामद सोने की कीमत एक करोड़ रुपये से कम होने के कारण आरोपी को अदालत में पेश नहीं किया गया। नियमानुसार उसे जमानत देने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। साथ ही पूरे नेटवर्क और सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

एक सप्ताह में दूसरी बड़ी कार्रवाई

वाराणसी और आसपास के क्षेत्र में डीआरआई की यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (डीडीयू) पर डीआरआई ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले की रहने वाली मधु वर्मा को पांच किलो सोने के साथ गिरफ्तार किया था। वह सामान्य टिकट लेकर एसी कोच में यात्रा कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर प्लेटफॉर्म नंबर-7 पर ब्रह्मपुत्र मेल के बी-2 कोच के बाहर उसे पकड़ लिया गया था।

तस्करी के नेटवर्क की जांच जारी

डीआरआई अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद विदेशी सोना किसके लिए लाया जा रहा था और इसके पीछे कौन-सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।