वाराणसी एयरपोर्ट से सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर! 1 जुलाई से कई फ्लाइट्स रद्द, कई के शेड्यूल बदले
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से 1 जुलाई 2026 से कई घरेलू उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया है। इंडिगो ने कुछ फ्लाइट्स का शेड्यूल बदला है, जबकि अकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कई सेवाएं फिलहाल स्थगित कर दी हैं।
वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अहम खबर है। 1 जुलाई 2026 से कई घरेलू उड़ानों का संचालन बंद कर दिया गया है, जबकि कुछ प्रमुख फ्लाइट्स के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। इस फैसले का सीधा असर दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और नवी मुंबई की यात्रा करने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
इंडिगो ने बदला तीन प्रमुख उड़ानों का शेड्यूल
- इंडिगो एयरलाइंस ने अपनी तीन नियमित उड़ानों के संचालन में बदलाव किया है।
- फ्लाइट 6E-2215 (वाराणसी-दिल्ली) अब रोजाना नहीं चलेगी। यह केवल बुधवार, शुक्रवार और शनिवार को संचालित होगी।
- फ्लाइट 6E-5302 (वाराणसी-नवी मुंबई) अब सिर्फ मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को उपलब्ध रहेगी।
- फ्लाइट 6E-507 (वाराणसी-कोलकाता) पूरे महीने की बजाय केवल 9, 21 और 31 जुलाई को उड़ान भरेगी।
अकासा एयर ने चार उड़ानें कीं बंद
अकासा एयर ने फिलहाल वाराणसी से संचालित अपनी चार उड़ानों का संचालन रोक दिया है।
इनमें शामिल हैं- वाराणसी-बेंगलुरु की QP-1422, QP-1524, QP-1424, वाराणसी-नवी मुंबई की QP-2022, इन सेवाओं के बंद होने से दक्षिण भारत और महाराष्ट्र की यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों का सहारा लेना पड़ेगा।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की मुंबई सेवा भी प्रभावित
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी IX-2547 वाराणसी-मुंबई उड़ान का नियमित संचालन फिलहाल रोक दिया है। अब यह सेवा पहले की तरह प्रतिदिन उपलब्ध नहीं रहेगी।
क्या है उड़ानें कम होने की वजह?
विमानन क्षेत्र से जुड़े सूत्रों के अनुसार, उड़ानों में कटौती की एक बड़ी वजह एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की उपलब्धता में आई कमी बताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में एयरपोर्ट प्रशासन या संबंधित एयरलाइंस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यात्रियों को दी गई अहम सलाह
उड़ानों के संचालन में हुए बदलाव के बीच एयरलाइंस ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप या कस्टमर केयर से फ्लाइट की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। कंपनियों का कहना है कि यदि भविष्य में यात्रियों की संख्या बढ़ती है तो बंद की गई उड़ानों को दोबारा शुरू करने पर विचार किया जाएगा।
इन शहरों के यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर
उड़ानों में कटौती का सबसे अधिक प्रभाव उन यात्रियों पर पड़ेगा, जो वाराणसी से नियमित रूप से- दिल्ली, मुंबई, नवी मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता की यात्रा करते हैं। ऐसे यात्रियों को अब वैकल्पिक उड़ानों या बदले हुए शेड्यूल के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनानी होगी।