{"vars":{"id": "130921:5012"}}

एयरपोर्ट में नौकरी का झांसा देकर एक लाख की ठगी, तीन लोगों पर मुकदमा

वाराणसी में एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर को प्रमाण सौंपे, जिसके आधार पर फूलपुर पुलिस ने शशिकांत गौतम सहित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बाबतपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर गांगकला (बड़ागांव) निवासी संजय सिंह से एक लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत पर फूलपुर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर को दिए पत्र में आरोप लगाया कि फूलपुर थाना क्षेत्र के बरवा निवासी शशिकांत गौतम उर्फ आशीष ने 23 अगस्त 2023 को स्वयं को एयरपोर्ट कर्मचारी बताकर उसके बेटे को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और 81,500 रुपये ले लिए। इसके बाद अपने परिचित रघुवंश सिंह के माध्यम से 22 हजार रुपये और जमा करवाए गए।

संजय सिंह का कहना है कि शशिकांत गौतम, तथा उसके सहयोगी विवेक मिश्रा और अजीत जैसवारा ने फोन कॉल और ऑनलाइन लेन-देन के जरिए कुल 1,03,500 रुपये ले लिए। कई महीनों तक नौकरी का आश्वासन देने के बाद आरोपितों ने फोन उठाना बंद कर दिया। किसी तरह संपर्क होने पर आरोपितों ने पैसे लौटाने से भी इनकार कर दिया।

पीड़ित ने पुलिस को लेन-देन के प्रमाण और कॉल रिकॉर्डिंग भी सौंपे हैं। सीपी के आदेश पर फूलपुर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।