{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी एयरपोर्ट पर दो घंटे बंद रहा रनवे, अहमदाबाद-मुंबई की फ्लाइट डायवर्, दिल्ली उड़ान भी लेट

वाराणसी एयरपोर्ट पर मंगलवार दोपहर रनवे मेंटेनेंस के चलते करीब दो घंटे तक विमान संचालन प्रभावित रहा। अहमदाबाद और नवी मुंबई से आने वाली उड़ानों को अयोध्या और लखनऊ डायवर्ट किया गया, जबकि गाजियाबाद की फ्लाइट रद्द हुई। दिल्ली की उड़ान भी विलंबित रही। यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस जांचने की सलाह दी गई।
 

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर मंगलवार दोपहर रनवे मेंटेनेंस के चलते करीब दो घंटे तक विमानों की आवाजाही प्रभावित रही। रनवे बंद होने के कारण वाराणसी आने वाली कुछ उड़ानों को दूसरे एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट करना पड़ा, जबकि एक उड़ान रद्द कर दी गई। अचानक बदले फ्लाइट शेड्यूल से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दोपहर में करीब दो घंटे बंद रहा मुख्य रनवे

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, रनवे में आवश्यक मेंटेनेंस कार्य के लिए दोपहर करीब एक बजे मुख्य रनवे को अस्थायी रूप से बंद किया गया। सुरक्षा और विमान संचालन मानकों को ध्यान में रखते हुए इस दौरान विमानों की आवाजाही रोक दी गई।

रनवे बंद होने का सीधा असर वाराणसी आने वाली कई उड़ानों पर पड़ा। अहमदाबाद और नवी मुंबई से वाराणसी आ रही उड़ानों को नजदीकी वैकल्पिक एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया।

अयोध्या और लखनऊ डायवर्ट हुईं उड़ानें

जानकारी के मुताबिक, अहमदाबाद और नवी मुंबई से वाराणसी आ रही विमान सेवाओं को अयोध्या और लखनऊ एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया। वहीं, गाजियाबाद से वाराणसी आने वाली एक उड़ान को रद्द करना पड़ा। इसके अलावा वाराणसी से दिल्ली जाने वाली फ्लाइट भी निर्धारित समय से विलंबित हुई। रनवे बंद रहने के कारण अन्य उड़ानों के संचालन पर भी असर पड़ा।

एयरपोर्ट पर यात्रियों की बढ़ी परेशानी

अचानक फ्लाइट डायवर्जन और देरी की सूचना के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की परेशानी बढ़ गई। कई यात्री अपनी उड़ान के नए समय और स्थिति की जानकारी लेने के लिए एयरलाइंस के हेल्प डेस्क पर पहुंचते नजर आए। यात्रियों को फ्लाइट स्टेटस को लेकर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। एयरपोर्ट प्राधिकरण और एयरलाइंस की टीमें स्थिति को सामान्य करने में जुटी रहीं।

रनवे खुलने के बाद धीरे-धीरे सामान्य हुआ संचालन

मेंटेनेंस का काम पूरा होने के बाद रनवे को विमानों के संचालन के लिए फिर से खोल दिया गया। इसके बाद उड़ानों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य होने लगी। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले संबंधित एयरलाइंस से अपनी फ्लाइट का लाइव स्टेटस जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।

रात की उड़ानों पर पहले से लगा है प्रतिबंध

गौरतलब है कि वाराणसी एयरपोर्ट पर रनवे विस्तार से जुड़े कार्यों के कारण पिछले करीब एक महीने से रात की उड़ानों का संचालन भी प्रभावित है। वर्तमान में रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक विमानों की आवाजाही बंद रहती है।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि रनवे को मेंटेनेंस कार्य के लिए करीब डेढ़ से दो घंटे तक बंद किया गया था। इसका असर कुछ उड़ानों पर पड़ा है, लेकिन जल्द ही विमान संचालन पूरी तरह सामान्य हो गया।