वाराणसी एयरपोर्ट रनवे टनल का काम फिर शुरू, बजट बढ़कर 367 करोड़, 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
वाराणसी एयरपोर्ट के रनवे टनल निर्माण का काम दो महीने बाद फिर शुरू हो गया है। पानी भरने से काम रुका था। अब नई तकनीक से पायलिंग और पीसीसी किया जाएगा। प्रोजेक्ट का बजट बढ़कर 367 करोड़ हो गया है और इसे सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
वाराणसी: बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तार से जुड़ा रनवे टनल प्रोजेक्ट एक बार फिर रफ्तार पकड़ चुका है।खोदाई के दौरान जमीन में पानी मिलने के कारण पिछले दो महीने से काम बंद पड़ा था, लेकिन अब नई तकनीकी रणनीति के साथ निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया है।
बढ़ा बजट, अब 367 करोड़ में बनेगी टनल
पहले इस परियोजना का बजट 217 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 367 करोड़ रुपये हो गया है। टनल की मजबूती सुनिश्चित करने के लिए 150 करोड़ रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए गए हैं। यह प्रोजेक्ट सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
नई तकनीक से होगी मजबूती: पायलिंग और पीसीसी का इस्तेमाल
अब टनल निर्माण के लिए 13 मीटर गड्ढा खोदने के बाद चार मीटर गहरी पायलिंग की जाएगी। इसके ऊपर पीसीसी (प्लेन सीमेंट कंक्रीट) डाला जाएगा, ताकि रनवे पर विमान के दबाव का कोई असर नीचे बनी टनल पर न पड़े। आईआईटी दिल्ली और आईआईटी रुड़की द्वारा तैयार डिजाइन के आधार पर यह बदलाव किया गया है।
पानी बना था सबसे बड़ी बाधा
टनल की शुरुआती खोदाई के दौरान करीब 10 मीटर गहराई पर पानी निकलने लगा, जिससे जलभराव हो गया और काम रोकना पड़ा। इसके बाद एनएचएआई की पहल पर विशेषज्ञ टीमों ने मौके का निरीक्षण किया और नई निर्माण तकनीक सुझाई, जिसके बाद अब काम दोबारा शुरू हो पाया है।
ऊपर विमान, नीचे दौड़ेंगे वाहन
इस परियोजना की सबसे खास बात यह है कि रनवे के नीचे से हाईवे के लिए टनल बनाई जा रही है। दरअसल, वाराणसी-जौनपुर हाईवे (एनएच-31) रनवे विस्तार के बीच आ रहा था। हाईवे को बंद करने के बजाय टनल बनाकर समाधान निकाला गया है, जिससे ऊपर विमान उड़ेंगे और नीचे वाहन चलते रहेंगे।
एयरपोर्ट विस्तार से बढ़ेंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें
टनल निर्माण के साथ ही एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को भी लंबा किया जा रहा है। रनवे विस्तार के बाद बड़े और भारी बोइंग विमानों की लैंडिंग संभव हो सकेगी। इससे वाराणसी एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की संख्या बढ़ेगी और शहर की कनेक्टिविटी को नया आयाम मिलेगा।