{"vars":{"id": "130921:5012"}}

बैग में छिपाकर ले जा रहा था बारहसिंघा का सींग, बाबतपुर एयरपोर्ट पर विदेशी यात्री गिरफ्तार

वाराणसी एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी यात्री के बैग से बारहसिंगा का प्रतिबंधित सींग बरामद किया। बैंकॉक जाने से पहले पकड़े गए आरोपी से पूछताछ जारी है। वन्यजीव तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका के बीच जांच तेज कर दी गई है।

 

वाराणसी: बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की मुस्तैदी से वन्यजीव तस्करी का भंडाफोड़ हुआ है। नियमित सुरक्षा जांच के दौरान एक विदेशी नागरिक के बैग से संरक्षित प्रजाति बारहसिंगा का सींग बरामद किया गया, जिसके बाद उसे तुरंत हिरासत में ले लिया गया।

जानकारी के अनुसार, दमित्री ब्रेकिन नामक विदेशी यात्री एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-215 से वाराणसी से बैंकॉक के लिए रवाना होने वाला था। उड़ान के निर्धारित समय से पहले सुरक्षा जांच के दौरान सीआईएसएफ कर्मियों को उसके सामान पर संदेह हुआ।

एक्स-रे स्कैनिंग में संदिग्ध वस्तु दिखाई देने पर जब बैग की गहन तलाशी ली गई, तो उसमें से बारहसिंगा का सींग बरामद हुआ। बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यात्री को तत्काल हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने बरामद सींग को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

शुरुआती जांच में यह मामला वन्यजीव तस्करी से जुड़ा माना जा रहा है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा जैसे संरक्षित जीवों के अंगों का व्यापार और परिवहन पूरी तरह प्रतिबंधित है।

सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि आरोपी के पास यह सींग कहां से आया और इसके पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह की भूमिका तो नहीं है। फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी से गहन पूछताछ जारी है और वन विभाग भी जांच में सक्रिय रूप से सहयोग कर रहा है।