वाराणसी : पिंडरा में अस्पताल की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, रामजी सनातन सेवा समिति ने DM को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग
वाराणसी। पिंडरा क्षेत्र स्थित ग्राम सराय शेख लार्ड में अस्पताल की भूमि पर कथित अतिक्रमण को लेकर श्री रामजी सनातन सेवा समिति के सदस्यों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने मांग की कि अस्पताल की जमीन पर बने कथित अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा जमीन की नापी कराकर उसकी बाउंड्री का निर्माण कराया जाए।
समिति के पदाधिकारियों का आरोप है कि अस्पताल के लिए आरक्षित भूमि पर अवैध रूप से मस्जिद और आवासीय निर्माण किए गए हैं, जिससे सरकारी भूमि प्रभावित हो रही है। इस संबंध में उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए पत्रक में भूमि की पैमाइश कराने, सीमांकन कराने और अस्पताल परिसर की सुरक्षा के लिए बाउंड्री निर्माण कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई।
इस दौरान बार के पूर्व उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता परिषद के मंत्री बिनीत कुमार सिंह, नितीश ठाकुर, आयुष सिंह, अनुराग सिंह, पवन सिंह राजपूत, अंकित सिंह, सनत राय, आकाश सिंह तथा अभिषेक राय सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।