वाराणसी: आशापुर फ्लाईओवर 30 मई से 1 जून तक रहेगा बंद, ट्रैफिक पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान
वाराणसी। आशापुर क्षेत्र से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। आशापुर फ्लाईओवर के दाहिने तरफ बने रैम्प पर लीकेज की मरम्मत के लिए 30 मई की रात 11 बजे से 1 जून की सुबह 5 बजे तक यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इस दौरान फ्लाईओवर पर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और जाम की समस्या से बचाने के लिए एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा ने रूट डायवर्जन प्लान जारी किया है। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।
गाजीपुर और संदहा की ओर से आने वाले वाहनों के लिए डायवर्जन
गाजीपुर एवं संदहा की तरफ से आने वाले वाहन, जिन्हें पहड़िया मंडी या वाराणसी शहर की ओर जाना है, वे संदहा से सेंट जॉन्स तिराहा पहुंचकर बाएं मुड़ेंगे। इसके बाद तिलमापुर होते हुए चन्द्रा चौराहा और फिर अशोका तिराहा से होकर पहड़िया मंडी पहुंच सकेंगे।
वहीं, शहर से गाजीपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भी अशोका तिराहा, चन्द्रा चौराहा, तिलमापुर और सेंट जॉन्स तिराहा वाले मार्ग का उपयोग करना होगा।
आजमगढ़ और हरहुआ की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नया मार्ग
आजमगढ़ और हरहुआ की ओर से आने वाले छोटे एवं बड़े वाहन, जिन्हें पहड़िया मंडी, सारनाथ या आशापुर की तरफ जाना है, वे आजमगढ़ अंडरपास से बावनबीघा पहुंचेंगे। वहां से पुराना पुलिस चौकी लालपुर कट होते हुए भक्ति नगर कॉलोनी और फिर काली माता मंदिर तिराहा से बाएं मुड़कर पहड़िया मंडी की ओर जा सकेंगे।
पहड़िया मंडी से बाहर जाने वाले वाहनों का रूट
पहड़िया मंडी से आजमगढ़ या हरहुआ की ओर जाने वाले वाहन अशोका तिराहा पहुंचेंगे। वहां से आरटीओ कट तिराहा पर बाएं मुड़कर हवेलिया चौराहा होते हुए रिंग रोड पर निकल सकेंगे और अपने गंतव्य तक पहुंच पाएंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मरम्मत कार्य के दौरान जारी डायवर्जन प्लान का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सहयोग करें।