{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: महानगर उद्योग व्यापार समिति का चुनाव संपन्न, अशोक जायसवाल बने अध्यक्ष, रजनीश कन्नौजिया महामंत्री

 

 

वाराणसी : महानगर उद्योग व्यापार समिति (रजि.) का द्विवार्षिक चुनाव रविवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी युवक संघ सभागार में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वर्ष 2026-28 के लिए नई कार्यसमिति की घोषणा की गई, जिसमें अशोक जायसवाल को अध्यक्ष और रजनीश कन्नौजिया को महामंत्री चुना गया।

सर्वसम्मति से चुनी गई नई कार्यसमिति

चुनाव से पहले संस्था के मुख्य संरक्षक आर. के. चौधरी ने साधारण सभा की बैठक को संबोधित करते हुए चुनाव प्रक्रिया शुरू करने की अनुमति दी। चुनाव अधिकारी घनश्याम जायसवाल और यू. आर. सिंह की देखरेख में पूरी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से पूरी हुई। सभी पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।

पुरानी कार्यकारिणी ने रखा दो वर्षों का रिपोर्ट कार्ड

बैठक में निवर्तमान कार्यवाहक अध्यक्ष श्रीनारायण खेमका और महामंत्री अशोक जायसवाल ने वर्ष 2024 से 2026 के दौरान संगठन की गतिविधियों, उपलब्धियों और व्यापारियों के हित में किए गए कार्यों का विस्तृत ब्यौरा रखा। उन्होंने कहा कि संगठन ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए व्यापारियों की आवाज को मजबूती से उठाया है।

इस दौरान संगठन के संस्थापक और वरिष्ठ व्यापारी नेता स्वर्गीय प्रेम मिश्रा को श्रद्धांजलि भी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।

आय-व्यय रिपोर्ट को मिली मंजूरी

कोषाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने संस्था का आय-व्यय विवरण और वित्तीय रिपोर्ट सदन के सामने प्रस्तुत की। उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से वित्तीय रिपोर्ट को मंजूरी दी।

संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान

नई कार्यसमिति की घोषणा करते हुए मुख्य संरक्षक आर. के. चौधरी, चुनाव अधिकारी घनश्याम जायसवाल और यू. आर. सिंह ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नई टीम व्यापारियों के हितों की रक्षा करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी।

नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली अहम जिम्मेदारियां

नई कार्यसमिति में अशोक जायसवाल को अध्यक्ष, रजनीश कन्नौजिया को महामंत्री, राहुल मेहता को कोषाध्यक्ष, पंकज अग्रवाल को महामंत्री (संगठन), अनुज डिडवानिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा सुरेश तुलस्यान को मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा उपाध्यक्ष, मंत्री, संयुक्त मंत्री, संगठन मंत्री, कार्यसमिति सदस्य, मार्गदर्शक समिति और कोर समिति के पदों पर भी सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से अशोक जायसवाल, रजनीश कन्नौजिया, राहुल मेहता, पंकज अग्रवाल, अनुज डिडवानिया,सुरेश तुलस्यान, आर के नेत्रालय के निदेशक डॉ आर.के.ओझा एवं अन्य सदस्य मौजूद रहें।