वाराणसी : अचेत हालत में सड़क किनारे बेहोश मिला ऑटो चालक, अस्पताल में तोड़ा दम
Varanasi : लोहता थाना क्षेत्र में रविवार को एक ऑटो चालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शिरडी गैस एजेंसी के पास युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला, जिसे अस्पताल ले जाते समय डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि शिरडी गैस एजेंसी के पास एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने तत्काल उसे काशी विद्यापीठ स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए शिवपुर मर्चरी हाउस भेज दिया गया।
मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने उसकी शिनाख्त कर ली है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
परिवार वालों के अनुसार, मृतक लंबे समय से लीवर और किडनी की बीमारी से ग्रसित था और नशे का भी आदी था। बताया गया कि करीब 10 वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी, लेकिन नशे की लत के चलते पत्नी लगभग 7 वर्ष पहले उसे छोड़कर चली गई थी।
प्रथम दृष्टया मामला बीमारी से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।