{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी में 24 लाख की साड़ी धोखाधड़ी का आरोप, हरपालपुर में पकड़ा गया बजरडीहा का कारोबारी

वाराणसी के लोहता क्षेत्र में आठ बनारसी साड़ी कारोबारियों ने करीब 24 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी की शिकायत की है। आरोप है कि बजरडीहा निवासी मुकीम अंसारी ने उधार पर साड़ियां लेकर भुगतान के लिए चेक दिए, जो बाउंस हो गए। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

 

वाराणसी। लोहता थाना क्षेत्र के हरपालपुर गांव में सोमवार दोपहर बनारसी साड़ी के आठ कारोबारियों ने 24 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि बजरडीहा निवासी मुकीम अंसारी ने करीब दो साल पहले कारोबारियों से उधार पर साड़ियां ली थीं और भुगतान के लिए चेक दिए थे। कारोबारियों के मुताबिक, खाते में पर्याप्त रुपये नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गए। मामले में आठ लोगों ने लोहता थाने में तहरीर दी है।

जमीन खरीदने पहुंचा था हरपालपुर, तभी कारोबारियों ने पकड़ा

पीड़ितों के मुताबिक, आरोपी सोमवार को हरपालपुर गांव में किसी की जमीन खरीदने के सिलसिले में पहुंचा था। इसी दौरान बकाया रकम लेने के लिए परेशान कारोबारी उसे देखकर वहां पहुंच गए। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में कारोबारियों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है।

आठ कारोबारियों से ली थीं लाखों रुपये की साड़ियां

पीड़ित जावेद अंसारी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी ने अलग-अलग बनारसी साड़ी कारोबारियों से उधार पर माल लिया था। भुगतान के लिए चेक दिए गए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए।

शिकायत के अनुसार, कारोबारियों की बताई गई रकम इस प्रकार है:

जावेद अंसारी: 3 लाख 32 हजार रुपये

इमरान अंसारी, लोहता: 2 लाख 80 हजार रुपये

नुरुल अमीन: 58 हजार रुपये

मुजाहिद हुसैन: 1 लाख 82 हजार रुपये

अनवर, लोहता: 2 लाख 36 हजार रुपये

विजय बहादुर, जंसा: 2 लाख रुपये

आकिब मकसूद, बजरडीहा: 6 लाख 82 हजार रुपये

आजम हाफिज: 4 लाख 25 हजार रुपये

कारोबारियों ने कुल करीब 24 लाख रुपये की साड़ियां उधार लेकर भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया है।

लोहता पुलिस कर रही मामले की जांच

लोहता थानाध्यक्ष अभिजीत सिंह के मुताबिक, आठ कारोबारियों ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और चेक बाउंस होने से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।