कपड़े सुखाने को लेकर विवाद, तीसरी मंजिल से गिरकर महिला की मौत, एक घायल
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई में कपड़ा सुखाने को लेकर हुए विवाद में दो महिलाएं तीसरी मंजिल से गिर गईं। हादसे में 22 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के भरलाई इलाके में शनिवार को कपड़ा सुखाने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते जानलेवा हादसे में बदल गया। तीसरी मंजिल पर आपसी झगड़े के दौरान दो महिलाएं नीचे गिर गईं, जिसमें 22 वर्षीय किराएदार महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, भरलाई निवासी राधे वर्मा के तीन मंजिला मकान में कुल आठ किराएदार रहते हैं। सिंधौरा निवासी राजमिस्त्री तेज बहादुर प्रजापति अपनी पत्नी ज्योति (22), दो वर्षीय बेटी और दो माह की बच्ची के साथ तीसरी मंजिल पर रहते थे। वहीं दूसरी मंजिल पर कबाड़ कारोबारी आकाश अग्रहरि अपनी पत्नी शमशुल बेगम उर्फ सुमन के साथ रहते हैं।
शनिवार दोपहर सुमन तीसरी मंजिल पर पहुंची और ज्योति की कपड़े सुखाने की डोरी पर अपने कपड़े डालने लगी। आरोप है कि ज्योति के विरोध करने पर दोनों महिलाओं में कहासुनी हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई। विवाद शांत होने के बाद सुमन मकान की मुरेरी (बाउंड्री वॉल) पर बैठकर गालियां देने लगी। जब ज्योति ने इसका विरोध किया तो सुमन ने उसका हाथ पकड़कर खींच लिया।
इस दौरान संतुलन बिगड़ने से ज्योति छत से नीचे गिरने लगी और उसे बचाने की कोशिश में सुमन भी नीचे गिर गई। हादसे में ज्योति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुमन गंभीर रूप से घायल हो गई।
सूचना पर पहुंची शिवपुर पुलिस ने दोनों महिलाओं को दीनदयाल अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने ज्योति को मृत घोषित कर दिया। मृतका के पति तेज बहादुर प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शमशुल बेगम उर्फ सुमन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।