{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: भेलूपुर में मकान से 65 किलो पटाखे बरामद, मालिक गिरफ्तार; बिना लाइसेंस कर रखा था स्टॉक

वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र की सरायनंदन कॉलोनी में पुलिस ने एक मकान से 65.300 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मकान मालिक संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया। आरोपी पटाखों के भंडारण का लाइसेंस नहीं दिखा सका। मामले में BNS और विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

 

वाराणसी: दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ वाराणसी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। भेलूपुर थाना क्षेत्र की सरायनंदन कॉलोनी में पुलिस ने एक मकान से 65.300 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं। इस मामले में मकान मालिक संजय गुप्ता को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस नहीं दिखा सका।

पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 287 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9बी के तहत कार्रवाई की है।

मुखबिर की सूचना पर मकान में पहुंची पुलिस

पुलिस के अनुसार, उपनिरीक्षक मनोज कुमार चौहान पुलिसकर्मियों के साथ इलाके में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरायनंदन कॉलोनी में एक मकान के अंदर बड़ी मात्रा में पटाखे जमा करके रखे गए हैं।

सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद पुलिस टीम बताए गए मकान पर पहुंची और जांच शुरू की। मकान में मौजूद व्यक्ति ने अपनी पहचान संजय गुप्ता पुत्र स्वर्गीय रामलाल गुप्ता, निवासी मकान नंबर बी-34/6-3, सरायनंदन, खोजवा के रूप में बताई।

पुलिस ने उससे पटाखों के भंडारण से संबंधित लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद मकान के अंदर रखे पटाखों की जांच की गई।

तीन गत्तों में रखे थे कई ब्रांड के पटाखे

जांच के दौरान पुलिस को तीन गत्तों में अलग-अलग ब्रांड के पटाखे मिले। इनमें मोरी छाप, मिनी बुलेट, रेड स्पारकल, ओरिजिनल वंडर, कलर स्पारकल और ग्राउंड स्पारकल समेत कई तरह के पटाखे शामिल थे।

पुलिस के मुताबिक, गत्तों सहित बरामद पटाखों का कुल वजन 65.300 किलोग्राम है। पुलिस ने सभी पटाखों को कब्जे में लेकर मामले में कानूनी कार्रवाई की है।

ACP बोले- अवैध भंडारण करने वालों की तलाश जारी

ACP गौरव कुमार ने बताया कि बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। ऐसे लोगों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से पटाखे जमा करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।