वाराणसी: भेलूपुर पुलिस ने चलाया वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
Varanasi : पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से थाना भेलूपुर पुलिस ने वृक्षारोपण अभियान चलाया। थाना भेलूपुर अंतर्गत खोजवा चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चौकी परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।
वृक्षारोपण के दौरान पुलिसकर्मियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर चौकी प्रभारी मनोज कुमार चौहान ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी सुनिश्चित करे।
अभियान के दौरान पुलिसकर्मियों ने भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को हरियाली बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय नागरिकों ने थाना भेलूपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ सामाजिक और पर्यावरणीय दायित्वों का निर्वहन भी पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। वृक्षारोपण जैसी पहल स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।