वाराणसी: सड़क दुर्घटनाओं को शून्य करने की दिशा में बड़ा कदम, पुलिस आयुक्त ने की ZERO FATALITY DISTRICT कार्यक्रम की समीक्षा
वाराणसी I पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी मोहित अग्रवाल ने सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के उद्देश्य से ZERO FATALITY DISTRICT (ZFD) कार्यक्रम की प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु कैम्प कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया। गोष्ठी में विगत वर्षों की सड़क दुर्घटनाओं का विस्तृत विश्लेषण किया गया और दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स की पहचान की गई।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने निर्देश दिए कि सभी दुर्घटना संभावित स्थलों का स्वयं या संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण किया जाए, ताकि वास्तविक स्थिति का सटीक आकलन हो सके और त्वरित सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अनधिकृत रूप से खड़े वाहन तथा चौराहों और प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं, इसलिए इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पुनरावृत्ति को पूरी तरह रोका जाए।
ZFD कार्यक्रम के तहत कमिश्नरेट वाराणसी में यातायात व्यवस्था को समग्र, सुदृढ़ और सुरक्षित बनाने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित की गई हैं। पुलिस आयुक्त ने चेतावनी दी कि यातायात सुधार कार्यों में लापरवाही या उदासीनता बरतने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए समयबद्ध कार्ययोजना के साथ जिम्मेदारी तय करने और परिणामोन्मुखी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ZFD के सफल क्रियान्वयन के लिए सतत निगरानी, नियमित समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग को प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया गया। गोष्ठी में अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीणा सहित यातायात विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और वाराणसी को शून्य मृत्यु दर वाला जिला बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।