{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी: राजातालाब में भाजपा नेता पर केस से बवाल, समर्थकों ने ACP से की निष्पक्ष जांच की मांग

वाराणसी के राजातालाब में सड़क हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा मामले में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह पर मुकदमा दर्ज हुआ है। कार्रवाई से नाराज कार्यकर्ताओं ने एसीपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

 

वाराणसी: राजातालाब थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। पुलिस कार्रवाई से नाराज भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में राजातालाब थाने पहुंचे और एसीपी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। इस दौरान सेवापुरी विधायक प्रतिनिधि अदिति पटेल भी मौजूद रहीं।

अस्पताल हंगामा मामले में दर्ज हुआ मुकदमा
यह मामला 20 फरवरी को कोइलीपुल के पास हुए सड़क हादसे के बाद अस्पताल में हुए हंगामे से जुड़ा है। हादसे में एंबुलेंस की टक्कर से 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। इसके बाद पंचायतनामा के दौरान अस्पताल परिसर में मौजूद भीड़ ने हंगामा कर दिया।

चौकी प्रभारी आनंद कुमार पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, गाली-गलौज और अफरा-तफरी फैलाने समेत विभिन्न धाराओं में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया, जिसमें भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह का नाम भी शामिल है।

डॉक्टर को बंधक बनाने और पुलिस से दुर्व्यवहार का आरोप

पुलिस के अनुसार, दर्ज एफआईआर में रवि सिंह पर डॉक्टर को बंधक बनाने, पुलिस से दुर्व्यवहार करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, मामले को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई है।

थाने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसीपी को बताया कि रवि सिंह एक जिम्मेदार और सक्रिय कार्यकर्ता हैं और घटना के समय वे केवल स्थिति को नियंत्रित और शांत कराने के उद्देश्य से वहां पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि बिना उचित जांच के उनका नाम मुकदमे में शामिल कर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है।

एसीपी राजातालाब ने कार्यकर्ताओं की बातों को गंभीरता से सुनते हुए भरोसा दिलाया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर रही है और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर ही की जाएगी। एसीपी के आश्वासन के बाद भाजपा कार्यकर्ता शांतिपूर्वक थाने से लौट गए।