वाराणसी में AI समिट विवाद पर BJP युवा मोर्चा का प्रदर्शन, राहुल गांधी का पुतला फूंका
वाराणसी में AI समिट विवाद को लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने सर्किट हाउस पर राहुल गांधी का पुतला फूंका। पहले प्रशासन ने रोका, लेकिन बाद में अनुमति मिलने पर प्रदर्शन हुआ। कार्यकर्ताओं ने इस घटना को लेकर विरोध जताया, जिसके बाद शहर में राजनीतिक माहौल गरमा गया।
वाराणसी: AI समिट से जुड़े विवाद को लेकर शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस परिसर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका पुतला फूंका और नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुतले को चप्पलों से मारकर भी विरोध जताया।
देश की छवि खराब करने का लगाया आरोप
भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अमित पांडेय ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के AI समिट के दौरान इस तरह की घटनाएं देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली हैं। उन्होंने कहा कि विरोध दर्ज कराने के लिए लोकतांत्रिक तरीके और निर्धारित स्थान होते हैं, लेकिन इस तरह का प्रदर्शन अनुचित है।
पहले रोका, फिर प्रशासन ने दी अनुमति
प्रदर्शन के दौरान पहले पुलिस और प्रशासन ने पुतला दहन की अनुमति नहीं दी थी। इस पर भाजपा युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने आपत्ति जताई और शिकायत करने की बात कही। इसके कुछ समय बाद प्रशासन ने अनुमति दे दी, जिसके बाद कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंककर विरोध दर्ज कराया।
राजनीतिक माहौल हुआ गरम
महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल ने कहा कि इस मामले को लेकर कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और विरोध दर्ज कराया गया है। इस प्रदर्शन के बाद शहर में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और इस मुद्दे पर बयानबाजी का दौर जारी है।