{"vars":{"id": "130921:5012"}}

वाराणसी : 'बूथ जीतो, चुनाव जीतो' के मंत्र के साथ BJP का मिशन 2027 शुरू, बूध सम्मेलन में जुटे 353 बूथ अध्यक्ष

 

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देते हुए बुधवार को शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया। पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित सम्मेलन में विधानसभा क्षेत्र के सभी 353 बूथ अध्यक्ष शामिल हुए। कार्यक्रम में बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।



सम्मेलन के मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सभी बूथ अध्यक्षों का बूथवार सत्यापन किया और संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" भाजपा का मूल मंत्र है और पार्टी की जीत मजबूत बूथ संगठन पर निर्भर करती है।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता और सशक्त बूथ संरचना हैं। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और प्राथमिक सदस्यों की सूची तैयार करने, पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती केवल बैठकों से नहीं, बल्कि निरंतर संवाद, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से आती है। सभी कार्यक्रमों और अभियानों को बूथ स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करना ही 2027 के विधानसभा चुनाव में सफलता की कुंजी होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से "राष्ट्र प्रथम" की भावना के साथ काम करने का भी आह्वान किया।

शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष ही पार्टी की विचारधारा, सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ।

सम्मेलन में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक सहित क्षेत्र के कई वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और सभी 353 बूथ अध्यक्ष उपस्थित रहे।